---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 25 फरवरी 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
● मेज पर उल्टा पड़ा कछुआ
● पागल कुछ भी बक सकते हैं और बकरियां कुछ भी खा सकती हैं
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की ओर से एक बार फिर विवादित बयान दिया गया है। जिसके जवाब में राज्य के मंत्रियों और तृणमूल कांग्रेस नेताओं ने भी जमकर पलटवार किया है। घोष ने पंचायत चुनाव के दौरान कार्यकर्ताओं से कहा कि बूथ की लड़ाई शमशान तक जाएगी। इसके जवाब में राज्य के मंत्री और तृणमूल कांग्रेस के महासचिव पार्थ चटर्जी ने भाजपा को मेज पर उल्टा पड़ा कछुआ बताया तो फिरहाद हाकिम ने कहा कि पागल कुछ भी बक सकते हैं और बकरियां कुछ भी खा सकती हैं।
मालूम हो कि राज्य की ग्राम पंचायतों के लिए होने वाले चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने तैयारियां शुरू कर दी है। इसे और जोरदार करने के लिए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए जा रहे हैं। शनिवार को आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं को चुनावी जंग में सक्रिय होकर डटे रहने का निर्देश दिया। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि इस बार भाजपा श्मशान तक लड़ाई करेगी। तृणमूल कांग्रेस की ओर इशारा करते हुए कहा कि वह यह समझने की भूल न करे कि लड़ाई बूथ तक ही सीमित रहेगी बल्कि श्मशान तक जाएगी।
भाजपा नेता को करारा जवाब देते हुए पार्थ चटर्जी ने कहा कि भाजपा मेज पर उलटा होकर सोए हुए कछुए के समान है। उन्होंने कहा कि भाजपा माहौल को गरमाने की कोशिश कर रही है। लेकिन दल में लोग ही नहीं हैं, इसलिए किसी तरह की गर्मी नहीं है। माहौल में गर्मी कहां से आएगी, जब कार्यकर्ता ही नहीं हैं। ऐसी बातों का कोई फायदा होने वाला नहीं है। भाजपा नेता समझ गए हैं कि उनके बूथ पर कोई नहीं जाएगा, उन्हें तो बूथ पर बैठाने के लिए आदमी ही नहीं मिलेंगे वोट देने वालों की तो बात ही दूर है। ममता बनर्जी की ओर से किए जा रहे विकास कार्य को देख कर उनका दिमाग खराब हो गया है।
दूसरी ओर, फिरहाद हाकिम ने कहा कि पागल कुछ भी कह सकता है और बकरी कुछ भी खा सकती है। उन्होंने भाजपा और तृणमूल कांग्रेस में फर्क समझाते हुए कहा कि हम लोकतंत्र की बात करते हैं और वे श्मशान की बात करते हैं। राजनीतिक तौर पर वे हमारा मुकाबला करने में सक्षम नहीं हैं, इसलिए फालतू की बकवास कर रहे हैं। पहले बूथ पर बैठने के लिए आदमी इकट्ठा करें, तब कहेंगे। पंचायत चुनाव में उनके लिए हम तो उम्मीदवार चुन कर नहीं भेजेंगे। उनके दल के सांसद लोगों को हत्या करने की धमकी देते हैं और हम हमेशा आम लोगों के साथ थे और रहेंगे।