लेनिन के बाद गांधी, बोस व विवेकानंद की प्रतिमा टूटेगी : ममता



---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 06 मार्च 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

पश्चिम बंगाल राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने त्रिपुरा के बेलोनिया शहर में मार्क्सवादी नेता ब्लादीमीर लेनिल की प्रतिमा गिराए जाने की घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि ऐसी अलगाववादी राजनीति जल्दी ही गांधी, सुभाष चंद्र बोस और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमाओं को भी निशाना बनाएंगी। उन्होंने कहा कि माकपा के साथ उनके सैद्धांतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन लेनिन जैसे किसी नेता की प्रतिमा ढहाना उनको बर्दाश्त नहीं होगा। ममता ने कहा कि त्रिपुरा के विकास पर ध्यान देने की बजाय भाजपा नेताओं का हिंसा में शामिल होना दुर्भाग्यपूर्ण है। वे मंगलवार को बांकुड़ा जिले में एक जनसभा में बोल रही थीं।

मालूम हो कि त्रिपुरा के बेलोनिया में कथित भाजपा समर्थकों ने भारत माता की जय का नारा लगाते हुए लेनिन की एक विशाल प्रतिमा को बुलडोजर की सहायता से गिरा दिया। दक्षिण त्रिपुरा के इस शहर के बीचोबीच स्थित कालेज स्क्वायर में उक्त प्रतिमा लगी थी।

मुख्यमंत्री ने सवाल किया कि आखिर यह कैसी राजनीति है ? वे लोग आज लेनिन की प्रतिमा गिरा रहे हैं और कल गांधी, बोस, रबींद्र नाथ टैगोर, विवेकानंद व बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं के साथ भी यही सलूक करेंगे। ममता ने कहा कि वे जीवित रहते इसे बर्दास्त नहीं करेंगी और ऐसे कृत्यों के खिलाफ आावाज उठाती रहेंगी।

उन्होंने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उसमें हिम्मत है तो वह राजनीतिक रूप से मुकाबला करे। उन्होंने भाजपा प्रमुख अमित शाह के इस बयान के लिए उनकी खिंचाई की जिसमें उन्होंने कहा था कि बंगाल व ओडिशा जीतने के बाद ही पार्टी का स्वर्णकाल शुरू होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बात सब जानते हैं कि भाजपा राज्यों में जीत के लिए धन की ताकत का इस्तेमाल करती है। एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि पार्टी का अगला निशाना बंगाल है। लेकिन मैं उनसे कहना चाहती हूं कि मेरा अगला निशाना दिल्ली है।


● लेनिन की मूर्ति तोड़े जाने के विरोध में माकपा ने निकाला जुलूस

त्रिपुरा में लेनिन की मूर्ति को तोड़े जाने के विरोध में मंगलवार को दोपहर बाद प्रमोद दासगुप्ता भवन से विरोध जुलूस निकाला गया। यह जुलूस यहां से धर्मतल्ला में लेनिन मूर्ति तक गया। माकपा कोलकाता जिला कमेटी की ओर से आयोजित विरोध जुलूस में 25वें राज्य सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे नेताओं ने भी हिस्सा लिया।

इस मौके पर जुलूस में शामिल लोगों में सूर्यकांत मिश्र, विमान बसु, वृंदा करात भी शामिल थी। माकपा नेताओं ने बेलोनिया में कथित तौर पर भाजपा समर्थकों की ओर से लेनिन की मूर्ति तोड़े जाने का विरोध किया।

माकपा नेताओं की ओर से आरोप लगाया गया कि त्रिपुरा में भाजपा और उसके सहयोगी दलों की ओर से माकपा कार्यकर्ताओं पर हमले किए जा रहे हैं और उनके दल के कार्यालय में तोड़फोड़ की जा रही है। माकपा का कहना है कि भाजपा की जीत के बाद त्रिपुरा में 514 कार्यकर्ताओं, 1539 मकानों और 64 माकपा कार्यालयों में तोड़फोड़ और आग लगाने की घटनाएं हुई हैं।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News