---प्रभात मिश्रा, हावड़ा, 09 मार्च 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
● अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सैनेटरी नैप्नीक वेंडिग मशीन का उद्घाटन
● मंत्री लक्ष्मी रतन शुक्ला के हाथों सलकिया स्थित मृगेंद्रनाथ दत्ता स्मृति बालिका विद्यापीठ में हुआ शुभारंभ
हो गई है पीर पर्वत सी पिघलनी चाहिए
एक नी:शब्द चीख, एक अश्रुविहीन क्रंदन। सदियां बीत गई, पीढिय़ां निकल गईं लेकिन हर कोई चुप। सहनेवाला भी और देखनेवाला भी। महिलाओं के मासिक धर्म की बात कर रहे हैं हम। दर्द और असहजता को मर्यादा के पर्दे में छिपाए महीना दर महीना कर सालों बिता डाले.....अब यह मत पूछना किसने ? आपकी बहन, आपकी पत्नी, आपकी बेटी, आपकी मां ... फेहरिश्त बहुत लंबी है।
अब पूछता हूं आपसे...पैडमैन देखी है। अक्षय की फिल्म है। सच्ची कहानियों पर आधारित। नहीं देखी तो देखिए और सीखिए। क्योंकि इस मुद्दे पर मां से ज्यादा सिनेमा सिखा रहा है, कम से कम किसी ने तो सीखा है।
महिला दिवस के अवसर पर दो स्वयं सेवी संस्था हावड़ा नवज्योति व उड़ान ने हाथ मिलाया और एक कोशिश की। और सहयोग में खड़े हो गए उत्तर हावड़ा के विधायक व राज्य के युवा व खेल राज्य मंत्री लक्ष्मी रतन शुक्ला। हावड़ा नगर निगम में एमआइसी गौतम चौधरी, पार्षद मंजीत राफेल और समाज के कई गणमान्य लोग।
संस्था ने सलकिया के बाबूडांगा में स्थित मृगेंद्रनाथ दत्ता स्मृति बालिका विद्यालय में सेनेटरी नैप्किन वेंडिंग मशीन की स्थापना की। मशीन से दो रुपए की सस्ती दर में नैप्कीन उपलब्ध होगा। गुरुवार 08 मार्च को राज्य मंत्री लक्ष्मी रतन शुक्ला ने इसका उद्घाटन किया। संस्था का लक्ष्य ऐसी 300 मशीनें लगाने का है। संस्था के प्रयासों को सराहते हुए मंत्री ने कहा कि महिलाएं जीवन का केंद्र हैं। मां बनने की कीमत हर महीने अदा करनेवाली मातृसत्ता की तकलीफों को कम से कम करने में किया गया समाज का कोई भी प्रयास उसे महिलाओं के ऋण से मुक्त तो नहीं कर सकता, लेकिन कृतज्ञता जरूर जता सकता है। आज महिला दिवस के अवसर पर हम उसी मातृसत्ता को नमन करते हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल सरकार की प्राथमिकता में महिलाएं सबसे ऊपर हैं। हम उनके हितार्थ किए गए किसी भी काम में हमेशा साथ है। मौके पर उन्होंने स्कूल की छात्राओं व शिक्षिकाओं के साथ समस्त मातृ सत्ता को महिला दिवस की बधाई दी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में उद्योगपति मानव जायसवाल के साथ बापी मन्ना, गणेश, अमित सिंह, राजू पासवान, विक्की, सूरज शर्मा, चंद्रबली, संतोष व धर्मेंद्र यादव का विशेष सहयोग रहा। उड़ान के संस्थापक अभिनव गुप्ता व ज्वाइंट वाइस प्रेसिडेंट गिरीजा शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।