लंदन का बिग बेन कोलकाता में



---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 14 मार्च 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सत्ता संभालने से पहले वादा किया था कि कोलकाता को लंदन बना देंगी। इसके बाद महानगर में व्यापक परिवर्तन किया जा चुका है। लंदन आई बनाने की तैयारी की जा रही है। इको पार्क समेत विभिन्न जगह पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए नए से नए उपाय किए जा रहे हैं। अब लंदन के बिग बेन की तरह की घड़ी कोलकाता के चौराहे पर देखी जा सकती है, जहां पहुंच कर एक बार तो लंदनवासियों को संदेह हो सकता है कि कहीं लंदन में तो नहीं हैं।

महानगर के उत्तर कोलकाता में लंदन के बिग बेन के प्रतिरूप को देखा जा सकता है। कोलकाता नगर निगम के वार्ड संख्या 19 के तहत बीकेपाल मोड़ पर दिख रहा है बिग बेन। यहां से गुजरने वाले ज्यादातर लोग बिग बेन की घड़ी से अपनी घड़ी, मोबाइल का समय ठीक करते देखे जा सकते हैं।

बीकेपाल मोड़ के नजदीक चौराहे पर एक दुकानदार देवव्रत मोदक का कहना है कि यहां गिरजा के आकार की घड़ी लगाए जाने के बाद इलाके का चेहरा ही बदल गया है। यहां से गुजरने वाले कितने लोग रुक जाते हैं इस घड़ी को देखने के लिए। कुछ लोग यहां की यादगार संजोने के लिए तस्वीरें भी खींचते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि 19 नंबर वार्ड के आसपास कोलकाता नगर निगम के वार्ड नंबर 18 और 20 हैं। वार्ड नंबर 19 में रास्तों के सौंदर्यीकरण का काम काफी पहले से शुरू हुआ है। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद 2014 में रवींद्रनाथ टैगोर और नजरुल इस्लाम की याद में दोनों कवियों की मूर्तियां यहां लगाई गई थी। अब इसके साथ बिग बेन भी जुड़ गया है। त्रिमुखी घड़ी में लोग जिससे रात को भी समय देख सकें, इसके लिए रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही उस खंबे के नीच पेड़-पौधे लगा कर छोटा बगीचा बनाया जाएगा। यहां की जगह को रेलिंग से घेर दिया गया है।

स्थानीय पार्षद शिखा साहा का कहना है कि फिलहाल बिग बेन का औपचारिक उद्घाटन नहीं किया जा रहा है। इसका कारण यह है कि बिग बेन के निर्माण के बाद उसकी ऊंचाई को लेकर नगर निगम के अधिकारी कुछ परेशान दिख रहे हैं। यहां घड़ी तो ठीक-ठाक चल रही है, लेकिन माना जा रहा है कि वह आकार में कुछ छोटी हो गई है। अगर थोड़ी बड़ी होती तो शायद ज्यादा ठीक रहता। माना जा रहा है कि इसकी लंबाई बढ़ा कर ही उद्घाटन किया जाएगा। हालांकि लोगों ने कोलकाता में लंदन को हाथो-हाथ लिया है और प्रतिदिन यहां आने वालोंं की संख्या बढ़ती ही जा रही है। पानी में बाजार के बाद कोलकाता में लोग यहां सेल्फी लेने के लिए पहुंचने शुरू हो गए हैं।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News