खबरें बंगाल से



---रंजीत लुधियानवी, 20 मार्च 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

* सरकारी होटलों में कैंसर पीड़ितों को किराए में 50 फीसदी छूट

राज्य सरकार की ओर से सरकारी होटल व लाज में ठहरने वाले कैंसर पीड़ितों के लिए किराए में 50 फीसद छूट प्रदान की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि राज्य सरकार की ओर से करीब डेढ़ साल पहले यह परियोजना शुरू की गई थी, लेकिन इसे व्यापक प्रचार नहीं मिला। जिससे ज्यादा लोग परियोजना के बारे में आकर्षित नहीं हो सके। लेकिन माना जा रहा है कि इसके बाद भी एक हजार से ज्यादा लोगों ने परियोजना से लाभ हासिल किया है।

राज्य पर्यटन निगम की ओर से बताया गया है कि निगम के तहत करीब 40 होटल व लाज हैं। पहाड़ी इलाके से लेकर नदी के करीब प्राइम पर्यटन केंद्रों के पास राज्य सरकार की लाज मौजूद है। खास जगह पर केंद्रिय होने के कारण इसका किराया भी कुछ कम नहीं है। यहां वैसे ही वरिष्ठ नागरिकों को 20 फीसद की छूट प्रदान की जाती है। अगर कोई वरिष्ठ नागरिक कमरा बुक करता है, तब सिर्फ उसके कमरे के लिए ही 20 फीसद छूट प्रदान की जाती है।

जबकि कैंसर पीड़ित अगर कमरा बुक करता है, तब उसे 50 फीसद छूट प्रदान की जाती है। इसके लिए उसे इलाज से संबंधित दस्तावेज दिखाने पड़ते हैं,जिससे पता चले कि वह वास्तव में कैंसर पीड़ित है। परियोजना को ज्यादा प्रचार नहीं मिला, इसके बाद भी बीते डेढ़ साल के दौरान एक हजार से ज्यादा लोगों ने सरकारी छूट का फायदा हासिल किया है।


* हावड़ा में बंद रहेंगे टोटो

हावड़ा के विभिन्न इलाकों में टोटो व ई-रिक्शा हावड़ा जिला चालक व मालिकों के संगठन की ओर से जिलाधिकारी की ओर से ई-रिक्शा के नाम पर टोटो को प्रतिबंधित किए जाने के विरोध में हावड़ा जिले में टोटो बंद की अपील की है।

टोटो चालक व मालिक संगठन (हावड़ा जिला) की ओर से इमरान खान ने बताया कि हावड़ा के जिलाधीश की ओर से एक नोटिस जारी करके पुराने सभी टोटो रद्द करके नए ई -रिक्शा खरीदने के लिए कहा गया है। वह भी गिनी-चुनी 15-16 संस्थाओं से खरीद करने के लिए कहा गया है। उनका कहना है कि हम लोगों की ओर से 80,000 रुपए में टोटो खरीदे गए थे, लेकिन दोबारा 1,50,000 खर्च करके टोटो खरीदने के लिए कहा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि टोटो और ई-रिक्शा एक ही माने जाते हैं, लेकिन जिला प्रशासन की ओर से पुराने सभी टोटो बंद करके नए ई-रिक्शा खरीदने के लिए दबाव बनाना जायज नहीं है। इसके साथ ही टोटो कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि गरीब टोटो वाले कहां से डेढ़ लाख रुपए लाएंगे, इसके कारण माना जा रहा है कि जिले में हजारों लोग बेरोजगार हो जाएंगे।

संगठन की ओर से डीएम को एक पत्र लिख कर मांग की गई है कि अपने फैसले पर पुनर्विचार करें और टोटो में ही 2-3 हजार रुपए खर्च करके अगर उसे प्रोन्नत किया जा सकता है, इसके लिए प्रयास करें। प्रशासन के निर्देश के खिलाफ टोटो बंद करके विरोध जताया जा रहा है।


* भगत सिंह का शहीदी दिवस 23 मार्च को मनाया जाएगा

शहीद यादगार समिति की ओर से शहीदे आजम सरदार भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरू का 88वां शहीदी दिवस आगामी 23 मार्च को महानगर के शहीद भगत सिंह उद्यान में मनाया जाएगा। समिति की ओर से यह जानकारी देते हुए संयुक्त सचिव मोहिंदर सिंह गिल ने बताया कि मुख्य वक्ता राज्य माकपा के सचिव सूर्यकांत मिश्रा होंगे। इस मौके पर डीवाईएफआई की राज्य ईकाई के सचिव जमीर मोल्ला, एसएफआई की राज्य कमेटी के सचिव सृजन भट्टाचार्य, राज्य माकपा के नेता रोबिन देव समेत दूसरे लोग उपस्थित होंगे। वाममोर्चा के अध्यक्ष विमान बसु कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News