ममता ने पूछा राम ने पिस्तौल व तलवार लेकर जुलूस निकालने को कहा था



---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 27 मार्च 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रामनवमी के मौके पर हथियारों के साथ जुलूस निकालने के लिए विभिन्न भगवा संगठनों की जमकर खिंचाई करते हुए पूछा है कि क्या भगवान राम ने अपने अनुयायिों से पिस्तौल और तलवारों के साथ जुलूस निकालने को कहा था ? उन्होंने कहा कि कुछ गुंडे राम का नाम बदनाम कर रहे हैं। क्या ऐसी गुंडागर्दी के आगे प्रशासन को घुटने टेक देने चाहिए ? वे दक्षिण 24-परगना जिले की समीक्षा बैठक में बोल रही थीं।

मालूम हो कि रविवार को हथियारों के साथ कई इलाकों में जुलूस निकाले गए थे। पुरुलिया जिले में बजरंग दल की ओर से आयोजित ऐसे ही एक जुलूस को रोकने पर हुई हिंसा में एक व्यक्ति शेख शाहजहां (55) की मौत हो गई और पांच पुलिस वाले घायल हो गए थे।

ममता ने कहा कि कुछ अतिउत्साही आपराधिक तत्व हथियारों के साथ खुलेआम घूम रहे हैं। यह बंगाल है। यह हमारी संस्कृति नहीं है। उन्होंने इसकी कड़ी निंदा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे जुलूसों से राज्य के लोग सदमे में हैं। पुलिस कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी। ममता ने कहा कि उन्होंने पुलिस को ऐसे तमाम गुंडों के खिलाफ हथियार अधिनियम के तहत कार्रवाई का निर्देश दिया है। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी और इस मामले में किसी को नहीं बख्शा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पुलिस महानिदेशक व पुलिस अधीक्षकों को इस बारे में जरूरी निर्देश दे दिए हैं।

रविवार को हुई हिंसा में एक व्यक्ति की मौत का जिक्र करते हुए तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि कोई भी अपने धर्म का पालन करने के लिए स्वतंत्र है। लेकिन पुरुलिया में एक व्यक्ति की मौत गलत है। वह मेरे परिवार का हिस्सा और राज्य का एक नागरिक था। उन्होंने कहा कि सरकार ने शांतिपूर्ण रैलियां निकालने की अनुमति दी थी। पिस्तौलों व तलवारों के साथ जबरन दूसरे तबके के मोहल्ले में घुस कर किसी की हत्या बर्दाश्त नहीं की जा सकती।

ममता ने भाजपा का नाम लिए बिना कहा कि एक पार्टी ने राज्य में शांतिपूर्ण आयोजन पर बट्टा लगा दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में दुर्गापूजा व कालीपूजा समेत तमाम त्योहार आयोजित किए जाते हैं। लेकिन उनका आयोजन हिंसा नहीं बल्कि शांति व आपसी भागीदारी के जरिए किया जाता है।

बैठक में मौजूद पुलिस महानिदेशक सुजीत कर पुरकायस्थ ने कहा कि रविवार को गड़बड़ी फैलाने वालों की शिनाख्त के लिए वीडियो और दूसरे जरूरी सबूत जुटा लिए गए हैं। दोषी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

● रामनवमी जुलूस के दौरान हिंसा में एक की मौत, 5 पुलिस वाले घायल

रामनवमी के मौके पर हथियारों के साथ जुलूस निकालने के मुद्दे पर सत्तारुढ़ तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासत लगातार तेज होती जा रही है। पुरुलिया जिले में रविवार को पाबंदी के बावजूद हथियारों के साथ निकली एक रैली के दौरान दो गुटों में हुई हिंसक झड़प के बीच एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच पुलिस वाले घायल हो गए। इसबीच, पुलिस ने हाथों में त्रिशुल लेकर जुलूस में शामिल होने के आरोप में भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष लाकेट चटर्जी के खिलाफ हथियार अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

सरकारी सूत्रों ने बताया कि पुरुलिया में निकले जुलूस में कई बच्चे भी हथियार लेकर शामिल हुए थे। वहां ऐसे ही एक जुलूस के मुद्दे पर दो गुटों के बीच हुई हिंसा में शेख शाहजहां नामक एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुरुलिया के पुलिस अधीक्षक दय विश्वास ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब पुलिस ने बजरंग दल की ओर से अरसा थाना इलाके में आयोजित एक जुलूस में हथियार लेकर शामिल लोगों को रोकने का प्रयास किया। इस पर रैली में शामिल लोगों के साथ पुलिस की झड़प हो गई। दोनों गुटों के इस झगड़े में शाहजहां नामक एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई। उसके घर वालों का आरोप है कि विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने ही शाहजहां की हत्या की है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व व्यवस्था) अनुज शर्मा ने बताया कि हिंसा में एक डीएसपी समेत पांच पुलिसवाले घायल हो गए। उन्होंने बताया कि इस मामले में अब तक 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक शर्मा ने बताया कि पुलिस की अनुमति नहीं होने के बावजूद कई स्थानों पर हथियारों के साथ जुलूस निकाले गए। पुलिस इन आयोजकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी।

तृणमूल कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि पुरुलिया में विश्व हिंदू परिषद की ओर से आयोजित जुलूसों में हथियारों के साथ बच्चों ने भी शिरकत की। लेकिन विहिप अध्यक्ष सचिंद्रनाथ सिंह ने इन आरोपों का खंडन किया है।

राज्य बाल अधिकार सुरक्षा आयोग की अध्यक्ष अनन्या चक्रवर्ती ने कहा है कि आयोग बच्चों के हथियार लेकर रामनवमी जुलूस में शामिल होने के मुद्दे पर जरूरी कार्रवाई करेगा।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News