लक्ष्य से अधिक कोयला उत्पादन एवं डिस्पैच कर एनसीएल नए शिखर पर



---हरिओम पाण्डेय, सिंगरौली, 1 अप्रैल 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

◆ वित्त वर्ष 2017-18 में 93.01 मिलियन टन कोयला उत्पादन एवं 96.73 मिलियन टन कोयला डिस्पैच (प्रेषण) का रेकॉर्ड बनाकर कर रचा इतिहास

नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने वित्त वर्ष 2017-18 में 93.01 मिलियन टन कोयले के उत्पादन और 96.73 मिलियन टन कोयले के डिस्पैच (प्रेषण) लक्ष्य प्राप्ति का नया शिखर छू लिया है। एनसीएल की ये दोनों ही उपलब्धियां अभूतपूर्व हैं, क्योंकि कंपनी की स्थापना से लेकर अब तक कंपनी द्वारा किसी भी वित्त वर्ष में यह सर्वाधिक कोयला उत्पादन एवं प्रेषण है। कंपनी को वित्त वर्ष में 93 मिलियन टन कोयला उत्पादन एवं 93 मिलियन टन कोयला डिस्पैच करने की जिम्मेदारी दी गई थी। कोयला प्रेषण का लक्ष्य कंपनी ने समय से 12 दिन पूर्व 19 मार्च को ही पूरा कर लिया था और कोयला उत्पादन लक्ष्य भी समय से पूरा कर लिया है।

● सीएमडी एवं निदेशकमंडल ने दी हार्दिक बधाई

एनसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक पी.के.सिन्हा एवं समस्त निदेशक मंडल ने कंपनी की इस अभूतपूर्व उपलब्धि के लिए एनसीएल परिवार के हर सदस्य, श्रमिक संगठन एवं सीएमओएआई के प्रतिनिधियों तथा कंपनी से संबंद्ध सभी हितग्राहियों (स्टेकहोल्डर्स) को हार्दिक बधाई दी है और कहा है कि टीम एनसीएल की कर्मठता, समर्पण, निष्ठा एवं टीम वर्क की वजह से ही कंपनी ने समय रहते न सिर्फ कोयला उत्पादन एवं प्रेषण के लक्ष्य को पूरा किया है, बल्कि कोयला उत्पादन एवं प्रेषण का नया कीर्तिमान भी स्थापित किया है।

● बने कई नए रिकॉर्ड

वित्त वर्ष 2017-18 में एनसीएल और उसके कोयला क्षेत्रों (एरिया) ने कई नए रिकॉर्ड बनाए। कंपनी के निगाही एरिया (क्षेत्र) ने 28 मार्च (बुधवार) को अपने कोयला ग्राहक को रिकॉर्ड 83832 टन कोयला प्रेषित किया, जो कि क्षेत्र की स्थापना से अब तक क्षेत्र द्वारा एक दिन में किया गया सर्वाधिक कोयला डिस्पैच है। इसी तरह, दुधीचुआ क्षेत्र ने 29 मार्च (गुरुवार) को 70000 टन कोयला उत्पादन एवं 72000 टन प्रेषण किया। क्षेत्र द्वारा गुरुवार को किया गया कोयला उत्पादन एवं प्रेषण क्षेत्र की स्थापना से अब तक किया गया सबसे अधिक दैनिक कोयला उत्पादन एवं प्रेषण है।

● आंकड़े बोलते हैं

तुलनात्मक रूप से बात की जाए तो वित्त वर्ष 17-18 में एनसीएल ने पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले लगभग 11 प्रतिशत अधिक कोयले का उत्पादन किया। पिछले वित्त वर्ष (2016-17) में एनसीएल ने 84.10 मिलियन टन कोयले का उत्पादन किया था। इसी तरह, वित्त वर्ष 17-18 में एनसीएल ने पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले लगभग 16 प्रतिशत अधिक कोयले का डिस्पैच किया। पिछले वित्त वर्ष में एनसीएल ने 83.46 मिलियन टन कोयले का डिस्पैच किया था। कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष में भी अपना कोयला उत्पादन एवं डिस्पैच का लक्ष्य पूरा किया था।

● टीम एनसीएल का जज्बा

गौरतलब है कि एनसीएल द्वारा समय से पहले कोयला उत्पादन एवं प्रेषण के लक्ष्य को पूरा किए जाने और रेकॉर्ड कोयला उत्पादन एवं प्रेषण की उपलब्धि को महज महज आंकड़ों के संदर्भ में देखा जाना बेमानी है। एनसीएल को वित्त वर्ष 2017-18 के लिए पहले 91 मिलियन टन कोयला उत्पादन एवं प्रेषण के लक्ष्य दिये गए थे। लेकिन वित्त वर्ष के दौरान एनसीएल द्वारा कोयला उत्पादन एवं प्रेषण में लगातार शानदार प्रदर्शन करने के चलते वित्त वर्ष के बीच में ही कंपनी के कोयला उत्पादन एवं प्रेषण लक्ष्य बढ़ाकर 93 मिलियन टन कर दिए गए। बढ़े हुए लक्ष्यों को भी समय से पूरा करने की कंपनी की यह उपलब्धि साबित करती है कि टीम एनसीएल में शीर्ष नेतृत्व के सक्षम मार्गदर्शन में कार्य करते हुए लक्ष्यों को भेदने का असीम सामर्थ्य है।

ताजा समाचार

National Report




Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News