बंगाल : पंचायत चुनाव 14 मई को



---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 26 अप्रैल 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

राज्य में पंचायत चुनावों के लिए अगले महीने की 14 मई को एक चरण में ही मतदान होगा। वोटों की गिनती 17 मई को होगी। राज्य चुनाव आयोग की ओर से जारी अधिसूचना में इसकी जानकारी दी गई। पहले तीन चरणों में एक, तीन व पांच मई को मतदान होना था और आठ मई को वोटों की गिनती होनी थी।

विपक्षी राजनीतिक दलों की याचिकाओं पर सुनवाई के बाद कलकत्ता हाईकोर्ट ने 20 अप्रैल को अपने फैसले में मतदान की पूर्व घोषित तारीखों को रद्द करते हुए राज्य चुनाव आयोग को नई तारीखों का एलान करने को कहा था। सरकार ने वृहस्पतिवार को आयोग को एक चरण में ही चुनाव कराने का प्रस्ताव भेजा था। आखिर में आयोग ने सरकार की बात मान ली। लेकिन अब सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। राज्य में पुलिस के जवानों की तादाद 58 हजार है जबकि मतदान केंद्रों की तादाद 58, 467 है। हाईकोर्ट ने आयोग को संबंधित पक्षों से बातचीत कर मतदान के लिए पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। लेकिन अब एक ही मतदान की स्थिति में तमाम मतदान केंद्रों पर सुरक्षा मुहैया करा पाना संभव होगा या नहीं, यह सवालों के घेरे में है। राज्य सरकार मतदान के दौरान केंद्रीय बलों की तैनाती की मांग पहले ही खारिज कर चुकी है।

ताजा समाचार

National Report




Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News