विधायक के कारण सांकराईल में भाजपा को 12 में 10 सीटें



---रंजीत लुधियानवी, हावड़ा, 22 मई 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

राज्य के साथ ही हावड़ा जिले में भी भले ही भाजपा दूसरे नंबर पर रही हो, लेकिन पहले नंबर से उसका फर्क इतना है कि दूसरे नंबर पर रहने की खुशी भाजपा नेताओं के चेहरे पर नहीं झलक रही है। हावड़ा में सिर्फ सांकराईल इलाका ऐसा है, जहां से भाजपा को राहत मिली है। हालांकि सांकराईल के भरोसा लोकसभा सीट मिलने की तो उम्मीद नहीं है, विधानसभा मिलेगी या नहीं इसे लेकर भी संयश है। दूसरी ओर, सत्ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस की मुश्किलें इससे बढ़ती दिख रही हैं। इसका कारण यह है कि जिला परिषद की सभी सीटें जीतने के साथ ही दल ने लगभग जिले में शत प्रतिशत सफलता हासिल की है। मालूम हो कि जिला परिषद की सारी की सारी 40 सीटें तृणमूल कांग्रेस ने जीत ली हैं। पंचायत समिति की कुल मिलाकर 462 सीटों में भाजपा को करीब पांच फीसद 25 सीटें ही मिली हैं। इतनी कम सीटें किसी दल के लिए खुशी की बात नहीं होसकती है, लेकिन सांकराईल के कारण भाजपा नेता कुछ खुश हैं। इसकी वजह भी है क्योंकि भाजपा की 25 सीटों में 10 सांकराईल इलाके में हैं। सांकराईल की कुल मिलाकर 46 सीटों में तृणमूल कांग्रेस को 33, भाजपा को 10, माकपा को एक और निर्दलीय उम्मीदवार को दो जगह जीत मिली है।

सांकराईल में तृणमूल कांग्रेस की हालत के लिए इलाके के विधायक शीतल सरदार को जिम्मेवार माना जा रहा है। शारीरिक हालत के कारण वे बागी नेताओं पर अंकुश लगाने में नाकाम रहे, जिसका नतीजा भाजपा के पक्ष में गया। इसके साथ ही दल के कुछ लोगों की ओर से आरोप लगाया जा रहा है कि विधायक की ओर से बागी उम्मीदवारों का समर्थन किया गया था। नलपुर में तृणमूल उम्मीदवार मंजू बसु के खिलाफ बागी उम्मीदवार झूमझूम नस्कर चुनाव लड़ रही थी और विधायक ने झूमझूम के समर्थन में प्रचार किया। लेकिन यहां तृणमूल के वोट दो हिस्सों में बंटने का फायदा भाजपा को मिला और उसका उम्मीदवार जीत गया।

गौरतलब है कि सांकराईल में ग्राम पंचायत की 16 सीटें हैं, इसमें 12 विधायक के इलाके में पड़ती हैं। जबकि चार हावड़ा दक्षिण विधानसभा केंद्र में हैं। भाजपा की ओर से हासिल की गई 10 सीटें शीतल के इलाके की 12 सीटों में शामिल हैं। यहां मानिकपुर पंचायत पर भाजपा ने कब्जा किया है।

दूसरी ओर, भाजपा का कहना है कि कई जगह जहां हमारे उम्मीदवार कम वोटों से जीते थे, सत्ताधारी दल की ओर से जबरन हमारे उम्मीदवारों को पराजित कर दिया। हावड़ा सदर महकमा के तहत पांच ब्लाक के चार जिला परिषद, 50 पंचायत समिति और 150 ग्राम पंचायतों में पुनर्गणना की मांग की जा रही है।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News