---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 31 मई 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
इस साल माध्यमिक परीक्षा का नतीजा आगामी छह जून को निकलेगा। यह जानकारी पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा परिषद ने दी है। परिषद के अध्यक्ष कल्याणमय गांगुली ने बताया कि सुबह नौ बजे नतीजा घोषित किया जाएगा। इसके साथ ही सुबह 10 बजे स्कूलों में मार्कशीट का वितरण शुरू हो जाएगा। दोपहर तक वेब साइट पर नतीजों के बारे में जानकारी उपलब्ध होगी।
उन्होंने बताया कि बोर्ड की आधिकारिक वेब साइट पर रिजल्ट की जानकारी हासिल की जा सकेगी। इसके साथ ही एसएमएस के माध्यम से भी जानकारी हासिल की जा सकेगी।
डब्लूबीरिजल्टस डाट इन और डब्बूबीबीएसई डाट ओआरजी पर जानकारी के साथ ही 54242 और 58888 पर नंबर डब्लूबी 10 टाइप करके अपना रोल नंबर भेजने पर नतीजों के बारे में एसएमएस से भी जानकारी मिल जाएगी।
मालूम हो कि इस साल 12 मार्च से 21 मार्च तक माध्यमिक की परीक्षा हुई थी। बोर्ड की ओर से परीक्षा के 76 दिन के भीतर नतीजा प्रकाशित किया जा रहा है। कुल मिलाकर 11 लाख 2 हजार 921 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। इसमें छात्राओं की संख्या 56.34 फीसद और छात्रों की संख्या 43.66 फीसद है।