पंचायत चुनाव में भाजपा दूसरे या तीसरे नंबर पर



---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 08 जून 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

पंचायत चुनाव में पश्चिम बंगाल में भाजपा दूसरे नहीं, तीसरे स्थान पर रही है। यह किसी विरोधी दल के नेता ने नहीं बल्कि भाजपा के एक नेता ने ही दल की बैठक में अपने नेता को बताया है। राज्य के एक नेता ने बंगाल के चुनाव नतीजों के बारे में भाजपा के केंद्रीय महासचिव (संगठन) से कहा कि राज्य में भाजपा तीसरे और निर्दलीय उम्मीदवार दूसरे स्थान पर रहे हैं।

पंचायत चुनाव नतीजे निकलने के बाद ही भाजपा नेता खुशी से झूम रहे थे कि दूसरे नंबर पर रहे हैं। लेकिन बताया जाता है कि केंद्रीय और राज्य के नेताओं की उपस्थित में राज्य भाजपा के एक नेता ने बताया कि पंचायत चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवारों को 29 फीसद वोट मिले हैं, जबकि भाजपा को महज 18 फीसदी वोट मिले हैं। इसके साथ ही उन्होंने केंद्रीय नेृतृत्व को बताया कि ज्यादातर निर्दलीय उम्मीदवार तृणमूल कांग्रेस के बागी उम्मीदवार हैं।

बताया जाता है कि उक्त नेता ने तो केंद्रीय नेतृत्व को यह समझाने की कोशिश की थी कि बंगाल में तृणमूल कांग्रेस में गुटबाजी किस स्तर तक पहुंच गई है, लेकिन केंद्रीय नेताओं को समझ में आ गया कि दल की यहां क्या स्थिति है। इसके साथ ही दल को संगठन की हालत के बारे में भी पता चल गया है क्योंकि बुद्धीजीवि वर्ग को भी भाजपा राज्य में प्रभावित करने में सफल नहीं हो सकी है।

हालांकि प्रदेश भाजपा के एक नेता ने अपने दावे पर टिके रहते हुए कहा कि पंचायत चुनाव में तीनों स्तरों पर ही तृणमूल के बाद दूसरे नंबर पर कोई राजनीतिक दल है तो वह भाजपा ही है। संगठन के बारे में भले ही दल में दो राय है, लेकिन गुटबाजी जमकर हो रही है। बताया जाता है कि प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने केंद्रीय नेतृत्व से शिकायत की है कि मुकुल राय राज्य और जिला नेतृत्व को बताए बगैर समानांतर कार्यक्रम कर रहे हैं। पंचायत में जीतने वाले कई उम्मीदवारों को लेकर दिल्ली पहुंच गए, लेकिन राज्य नेतृत्व को बताया ही नहीं। हालांकि पत्रकारों ने जब घोष से पूछा तो उन्होंने कहा कि इस बारे में मुझे कुछ नहीं कहना है और राय ने कहा कि ऐसा कुछ उन्होंने नहीं कहा है।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News