रजनीकांत ने बंगाल में शुरू की फिल्म की शूटिंग



---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 08 जून 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

तमिल फिल्मों के सुपरस्टार रजनीकांत ने काला फिल्म की रिलीज से जुड़े विवादों को पीछे छोड़ कर बृहस्पतिवार से दार्जीलिंग की पहाड़ियों में अपनी नई फिल्म की शूटिंग शुरू की। वे बुधवार को यहां पहुंचे थे। सिलीगुड़ी एअरपोर्ट से लेकर कर्सियांग तक पहुंचने के रास्ते में उनके स्वागत के लिए प्रतिकूल मौसम के बावजूद सड़कों के किनारे हजारों की तादाद में प्रशंसक खड़े थे।

प्रशंसकों के इस स्वागत से अभिभूत रजनीकांत ने कहा कि यह पहाड़ियों का उनका पहला दौरा है। रजनीकांत अगले लगभग 40 दिनों तक इन पहाड़ियों में रहेंगे।

फिल्म यूनिट के मैनेजर पारस छेत्री ने बताया कि फिल्म की शूटिंग 37 दिनों में पूरी होने की उम्मीद है। लेकिन मौसम की प्रतिकूलता को ध्यान में रखते हुए तीन दिन अतिरिक्त रखे गए हैं। इस शूटिंग के लिए सात सौ तकनीशियनों की टीम पहले ही दार्जीलिंग पहुंच चुकी है। उन्होंने सेट बनाने का काम भी लगभग पूरा कर लिया है। अगले नौ दिनों तक फिल्म की शूटिंग दार्जीलिंग से पहले कर्सियांग में होगी। कर्सियांग में रेंजर्स कालेज और उसके आसपास के इलाकों में शूटिंग होनी है जबकि दार्जीलिंग में यह माउंट हर्मन स्कूल व सेंट पाल्स कालेज समेत विभिन्न इलाकों में शूट होगी। उसके बाद 17 जून से छह जुलाई तक दार्जीलिंग के विभिन्न लोकेशनों पर इसकी शूटिंग चलेगी। दार्जिलिंग के बाद सात से 12 जुलाई तक दोबारा कर्सियांग में इस फिल्म की शूटिंग की जाएगी। यहां शूटिंग खत्म होने के बाद रजनीकांत सीधे बनारस चले जाएंगे। पुलिस ने इस शूटिंग के लिए सुरक्षा का कड़ा इंतजाम किया है। रजनीकांत के साथ भी उनकी सुरक्षा टीम यहां आई है।

दार्जीलिंग में मैं हूं ना, राजू बन गया जेंटलमैन और बर्फी समेत कई बालीवुड फिल्मों की शूटिंग हो चुकी है। लेकिन तमिल सुपरस्टार रजनीकांत पहली बार किसी शूटिंग के लिए इन पहाड़ियों पर आए हैं।

राज्य के पर्यटन विकास मंत्री गौतम देब ने रजनीकांत के पहाड़ियों पर आने के लिए उनका आभार जताते हुए कहा है कि सरकार उनको हरसंभव सहयोग देगी। उन्होंने कहा कि इस फिल्म की शूटिंग यहां होने से साफ है कि पर्वतीय क्षेत्र में हालात पूरा तरह सामान्य हो गए हैं। ऐसी फिल्मों की शूटिंग से पर्वतीय क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी काफी फायदा होगा।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News