घास बगान स्पोर्टिंग क्लब मैदान में हावड़ा आर्य समाज द्वारा सामूहिक योगाभ्यास



हावड़ा, 21 जून 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

अंतराष्ट्रीय योग दिवस पर घास बगान स्पोर्टिंग क्लब मैदान में हावड़ा आर्य समाज द्वारा सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। वहीं सलकिया नव चेतना क्लब, लायंस क्लब आफ हावड़ा, घास बगान स्पोर्टिंग क्लब सहयोगी संस्था रही। कार्यक्रम का उद्घाटन हावड़ा आर्य समाज के अध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल, लायंस क्लब आफ हावड़ा के प्रमोद चांडक, पवन परसरामपुरिया, सलकिया नव चेतना क्लब के मनोज जयसवाल, ताड़कनाथ साव, घासबगान स्पोर्टिंग क्लब के अजय सिंह, सुखी संसार के आनन्द गुप्ता, हावड़ा नगर निगम वार्ड संख्या 13 से पार्षद गीता राय तथा भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष उमेश राय ने दीप प्रज्वलित किया। हरिद्वार से आये संतोष आर्य ने बेहतरीन तरीके से योग के गुणों को बतलाया और अभ्यास करवाया।

भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष उमेश राय ने कहा कि भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की सभ्यता संस्कृति का मान बढ़ाया है, आज योग का डंका पूरी दुनिया मे बज रहा है, भारत का गौरव निरंतर बढ़ रहा है, भारत विश्वगुरु बनने की कड़ी में अपना कदम बढ़ा रहा है।

बता दें कि वन्दे मातरम् सहित कई देशभक्ति गीतों के साथ कार्यक्रम सुबह 6 से शुभारंभ हुआ व 8 बजे तक चला। लायंस क्लब द्वारा ब्लड शुगर जांच की व्यवस्था थी। स्थानीय भाजपा पार्षद गीता राय ने योगाभ्यास के बाद सभी 400 लोगों को उपहार स्वरूप तुलसी का पौधा दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में राजेश आर्या, राजू अग्रवाल, विकाश सोंथालिया, दीपक स्वामी सक्रिय रहे।

वहीं पश्चिम बंग प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन की हावड़ा शाखा व निर्मल गंगा चेतना मंच के संयुक्त तत्वाधान में बेलूड़ स्थित पालघाट में योग व ध्यान प्रयोग कर योग दिवस का पालन किया गया। इस अवसर पर निर्मल गंगा चेतना मंच की नीलिमा सिन्हा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन विद्या है जो बिना दवा के औषधि का कार्य करती है। मारवाड़ी सम्मेलन की हावड़ा शाखा के किशन किला ने कहा की योग ने संपूर्ण विश्व में एक नई क्रांति ला दी है, लोगों का रुझान योग व ध्यान की ओर बढ़ रहा है और आने वाली सदियों तक इस को याद रखा जाएगा। इस अवसर पर संभू मोदी, प्रकाश किला, कुसुम मोदी, संजय गोयनका, शशि अग्रवाल, संजीव केडिया, अनीता गोयनका व अन्य सदस्य सक्रिय रहे व कार्यक्रम को सफल बनाया।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News