वे चांद पर जाकर भी जनसभा कर सकते हैं - पार्थ चटर्जी



---रंजीत लुधियानवी, 28 जून 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

लोकसभा का चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आता जा रहा है भाजपा नेताओं की ओर से बंगाल के दौरे तेज कर दिए गए हैं, जिससे यहां अपने संगठन को मजबूत किया जा सके। दूसरी ओर, सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस की ओर से भी भाजपा के हर प्रयास को असफल करने में व्यापक तत्परता देखी जा रही है। पुरूलिया में भाजपा अध्यक्ष अमित साह की सभा के जवाब में तृणमूल कुछ ही दिन बाद उसी जगह ज्यादा जोरदार रैली करने का पहले ही एलान कर चुकी है। तृणमूल कांग्रेस की ओर से अमित शाह के दौरे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा गया है कि इससे किसी तरह का फायदा होने वाला नहीं है। भाजपा की ओर से जहां राज्य में ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतने का दावा किया जा रहा है, वहीं तृणमूल कांग्रेस का कहना है कि सभी 42 सीटों पर उन्हें जीत मिलेगी और भाजपा को अपनी दो सीटों से भी हाथ धोना पड़ेगा।

तृणमूल कांग्रेस के महासचिव पार्थ चटर्जी ने कहा कि बुद्धिजीवियों को लेकर वे सभा कर रहे हैं, सौमित्र चटर्जी-अरूप राहा जैसे लोगों के घर जाकर मोदी के चार साल के कामकाज का गुणगान कर रहे हैं। लेकिन भाजपा नेता खुद नहीं जानते कि बीते चार साल के दौरान उनकी सरकार ने क्या किया है। नोटबंदी समेत एक के बाद दूसरे जनविरोधी कामकाज के कारण देश के लोगों का जीवन संकट में है। दरअसल अमित शाह की सरकार ने अच्छे दिन नहीं, काले दिन का उपहार दिया है।

उन्होंने कहा कि शाह कोलकाता आएं या पुरूलिया जाएं, हमें कोई आपत्ति नहीं है। वे चांद पर जाकर भी जनसभा कर सकते हैं। इससे बंगाल में ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस को रोकना उनके वश में नहीं है। यहां लोग शांति, सद्भाव व विकास चाहते हैं। लोगों को यह ममता के नेतृत्व में ही मिलता दिख रहा है। शाह बार-बार यहां आकर भी किसी तरह की कमी नहीं देख सकेंगे। बंगाल में आने का भाजपा को कोई फायदा नहीं होगा। उनके पास दो लोकसभा सीटें थी, आगामी लोकसभा चुनाव में वे भी उनके पास नहीं रहेंगी।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News