---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 11 जुलाई 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
कुछ दिनों तक चर्चा में रहे अफराजुल को लोग अब भूलने लगे हैं लेकिन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की ओर से मामले की गंभीरता को समझते हुए युवक की बेटी रेजिना बीबी को नौकरी दी गई है। मालूम हो कि राजस्थान में मालदा जिले के कालियाचक के सैय्यदपुर इलाके के रहने वाले अफराजुल को लव जिहाद के नाम पर जीवित को अर्द्धमरा करने के बाद जला दिया गया था। इसके बाद अपने शौर्य का प्रदर्शन करते हुए हत्यारे ने वीडियो को वायरल किया था, जैसे उसने बहुत बड़ा कारनामा किया हो। इस भयावह घटना की देश भर में तीव्र प्रतिक्रिया हुई थी और लोगों ने हत्यारे को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की थी।
मालदा के डीएम कौशिक भट्टाचार्य ने मृतक की पत्नी गुलबहार की बेटी को नौकरी का नियुक्ति पत्र प्रदान किया। अफराजुल के परिवार को आर्थिक मदद देने के साथ ही उनकी पत्नी को पेंशन और परिवार के एक व्यक्ति को नौकरी देने का मुख्यमंत्री ने घटना के बाद आश्वासन दिया था। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार बेटी को नौकरी प्रदान की गई है।
डीएम ने पत्रकारों को बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार अफराजुल शेख की पत्नी गुलबहार बीबी की मासिक पेंशन दिसंबर से चालू हो गई है। बैंक की कुछ समस्या के कारण इसका भुगतान अभी तक नहीं हो सका था। इसी महीने बकाया सारी राशि उन्हें मिल जाएगी। जबकि उनकी बेटी रेजिना को मालदा शहर में हाल में निर्मित महिला होम में बच्चों की देखभाल करने का काम प्रदान किया गया है। सात दिन के भीतर उसे काम पर हाजिर होने के लिए कहा गया है। मालूम हो कि परिवार में तीन लड़कियां हैं और उनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं है। गुलबहार ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने मदद का आश्वासन दिया था और उसे पूरा किया है।