---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 13 जुलाई 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
केंद्र और राज्य सरकार की ओर से दावे भले ही विकास के लिए जा रहे हों, लेकिन अभी भी हालात ऐसे हैं कि पढ़ने-लिखने के बाद पकौड़े बेचने की सलाह दी जाती है। कुछ लोग जो यह काम नहीं कर सकते, वह किसी भी स्तर की नौकरी करने के लिए तैयार हैं। पश्चिम बंगाल में ग्रूप डी के लिए आवेदन करने वालों में भले ही शैक्षणिक योग्यता आठवीं पास थी, लेकिन महज दो फीसद लोग ही इस शैक्षणिक योग्यता वाले इंटरव्यू देने वालों में शामिल हैं। जबकि 98 पास उम्मीदवार इससे कहीं ज्यादा डिग्री हासिल करने वाले हैं। खास तौर से 664 लोग तो एमए करने वाले ही हैं।
मालूम हो कि ऐसे समय जहां नौकरियां खत्म हो रही हैं, लोग किसी भी तरह की सरकारी नौकरी करना चाहते हैं। लोगों का मानना है कि कम से कम भविष्य तो सुरक्षित हो जाएगा। नहीं तो नोटबंदी से लेकर जीएसटी लागू करने तक हजारों लोगों को बेरोजगार होने को मजबूर होना पड़ा था। अब भी नौकरियों के मुकाबले छंटनी की संख्या के आंकड़े ज्यादा दिखते हैं।
पिछले साल मई में ग्रूप डी रिक्रूटमेंट बोर्ड की ओर से परीक्षा का आयोजन किया गया था। करीब छह हजार पदोंं के लिए 19449 लोगों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया है। जबकि करीब 24 लाख लोगों ने आवेदन किया था। उम्मीदवरों की शैक्षणिक योग्यता देख कर परीक्षा करवाने वाले भी हैरान हैं।
मालूम हो कि इंटरव्यू वाले उम्मीदवारों में 664 लोग गणित, रसायन विज्ञान, अंग्रेजी समेत विभिन्न पाठ्यक्रम में एमके करने वाले शामिल हैं। इतना ही नहीं, बताया जाता है कि जिन्हें इंटरव्यू के लिए बुलाया गया है, उसमें करीब 30 फीसद स्नातक हैं। जबकि 66 फीसद माध्यमिक या उच्च माध्यमिक पास हैं। जबकि यह पद आठवीं पास लोगों के लिए है और महज दो फीसद लोग ही आठवीं पास हैं।
सूत्रों ने बताया कि 24 लाख आवेदन करने वालों में 51 हजार उम्मीदवार स्नाकोत्तर पास थे, जबकि स्नातक उम्मीदवारों की संख्या 3 लाख 70 हजार थी। माध्यमिक पास करने वालों की संख्या 9 लाख 32 हजार, उच्च माध्यमिक पास करने वालों की संख्या 9 लाख 81 हजार थी। जबकि आठवीं पास उम्मीदवारों की संख्या महज एक लाख 53 हजार थी।
सूत्रों ने बताया कि करीब 18 लाख लोगों ने परीक्षा दी थी। लेकिन कई कारणों से तकरीबन 3 लाख लोगों के पर्चे रद्द हो गए। बाकी बचे लोगों में से 19 हजार से ज्यादा लोगों को छह हजार पदों के लिए इंटरव्यू के लिए बुलाया गया है। हालांकि इंटरव्यू की प्रक्रिया संपन्न हो गई है, लेकिन मेधा तालिका प्रकाशित नहीं की गई है।