पूर्व भारत का पहला रात्रिकालीन बाजार कालिकापुर में



---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 16 जुलाई 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

पूर्व भारत का पहला रात्रिकालीन बाजार कोलकाता में चालू होने जा रहा है। सिंगापुर और कनाडा के बाद इस तरह का नाइट बाजार कोलकाता में चालू होने जा रहा है। सूत्रों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व कोलकाता के ईएमबाईपास के नजदीक कालिकापुर में यह मार्केट बनाई जाएगी। इस बाजार में दाल-चावल से लेकर सब्जी-मछली समेत किराने के दुकान का सारा सामान मिल सकेगा। शाम 5 बजे से लेकर रात 3 बजे तक बाजार खुला रहेगा। सुबह से लेकर शाम तक काम करने वालों को बाजार करने में होने वाली दिक्कत को दूर करने के लिए ऐसे बाजार की योजना बनाई गई है।

मालूम हो कि इस बीच पाटुली में केएमडीए की ओर से पानी में तैरने वाले फ्लोटिंग बाजार का निर्माण किया है। पानी में तैर रही 228 दुकानें यहां जमकर कारोबार कर रही हैं और देश-दुनिया में कोलकाता का नाम भी प्रसिद्ध हुआ है। महानगर में लोग अब देखने के लिए इस बाजार में भी जाने लगे हैं। इस परियोजना के लिए नगर और नगर विकास विभाग को कुछ दिन पहले ही स्काच एवार्ड भी मिला है। अब नगर निगम की ओर से रात्रिकालीन बाजार चालू करके एक बार फिर सुर्खियां बटोरने का फैसला किया है। यहां रूबी और कालिकापुर के हाकरों का पुनर्वास किया जाएगा और कुल मिलाकर 265 किओस्क खोलने की योजना है।

सूत्रों का कहना है कि सरकार के कुछ लोगों का मानना है कि शाम 5 बजे से रात एक बजे तक बाजार खोला जाए, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि 5 से 3 बजे तक खोला जाना चाहिए। इस बारे में पुलिस से सुझाव मांगा गया है। एक महीने के भीतर यह बाजार चालू करने की योजना है।

मालूम हो कि बाजार को रंगारंग बनाने के लिए यहां विभिन्न तरह के सांस्कृतिक आयोजन करने का भी फैसला किया गया है। बताया जाता है कि सिंगापुर में इस तरह की पांच नाइट मार्केट मौजूद है जबकि कनाडा में समर नाइट मार्केट खासी लोकप्रिय है। इसके साथ ही न्यूजीलैंड में अकलैंड नाइट मार्केट, ताइवान में सिलिन नाइट मार्केट के बाद कोलकाता में नाइट मार्केट महानगर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी आगे ले जाएगी।

रात के बाजार के बारे में एक अधिकारी का कहना है कि महानगर में रात में हजारों लोग काम करते हैं। आईटी सेक्टर में काम करने वाले और दूसरे लोगों को रात का बाजार नहीं होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता है। आईटी सेक्टर के लोग देर रात तक घर पहुंचते हैं, ऐसे में बाजार करने में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। कई लोगों को सुबह काम पर जाने की जल्दी होती है, इसलिए बाजार के लिए वक्त नहीं मिलता। ऐसे लोगों की दिक्कत रात्रिकालीन बाजार से समाप्त हो जाएगी।

मालूम हो कि रूबी के आसपास जनसंख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। यहां आसपास फ्लैटों की संख्या बढ़ती जा रही है और कई अस्पताल इलाके मेंं मौजूद हैं। यहां पास ही बानतला लेदर कांप्लेक्स और आईटी सेक्टर सिक्स बन रहा है। माना जा रहा है कि कुछ साल के दौरान पूर्व कोलकाता का चेहरा ही बदल जाएगा।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News