अमित शाह की रैली को अनुमति, भाजपा का आरोप निराधार...!



---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 01 अगस्त 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

कोलकाता में 11 अगस्त को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की प्रस्तावित रैली को पुलिस ने मंजूरी दे दी है जबकि भाजपा की ओर से दुष्प्रचार शुरू किया गया था कि रैली को मंजूरी नहीं मिल रही है। तृणमूल कांग्रेस ने शाह की रैली को अनुमति नहीं मिलने के आरोपों को निराधार करार देते हुए कहा है कि भाजपा की ओर से इस बारे में आवेदन मिलते ही रैली की अनुमति दे दी गई। कोलकाता पुलिस ने भी एक बयान में इसकी पुष्टि की है। मालूम हो कि पहले 3 अगस्त को रैली की जानी थी, लेकिन भाजपा की ओर से एक तो तैयारी नहीं हो सकी थी, दूसरे शिवसेवा के साथ गठजोड़ को लेकर शाह व्यस्त थे।

पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया पर इस आशय की अफवाह चल रही थी कि 11 अगस्त को एक राजनीतिक पार्टी को रैली की अनुमति नहीं दी गई है। लेकिन उक्त पार्टी की ओर से आवेदन मिलने के बाद रैली की अनुमति दे दी गई है।

इससे पहले भाजपा प्रमुख शाह ने कहा था कि पुलिस की ओर से रैली की अनुमति मिले या नहीं, वे 11 अगस्त को कोलकाता के दौरे पर जाएंगे। उन्होंने कहा कि बंगाल सरकार और पुलिस चाहे तो उनको गिरफ्तार कर सकती है।

शाह के बयान पर टिप्पणी करते हुए यहां सत्तारुढ़ तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पार्टी के राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष नर्वस और तनाव में हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को रैली आयोजित करने से कभी मना नहीं किया गया था। डेरेक ने कहा कि पहले 3 अगस्त को शाह की रैली होनी थी। उसकी भी अनुमति दे दी गई थी और उसके बाद पार्टी के आवेदन पर 11 अगस्त की रैली की अनुमति भी दे दी गई है।

इससे पहले भाजपा युवा मोर्चा ने कहा था कि उनको अब तक पुलिस की ओर से अब तक इस बारे में कोई सूचना नहीं दी गई है। युवा मोर्चा अध्यक्ष देबजित सरकार ने बताया कि उन्होंने शाह की रैली की अनुमति के लिए पुलिस को एक औपचारिक आवेदन भेजा है। सरकार ने कहा कि पुलिस की ओर से अनुमति नहीं मिलने पर संगठन अदालत में अपील करेगा। उन्होंने बताया कि मोर्चा की ओर से मंगलवार को पुलिस को रैली की अनुमति देने की मांग में एक आवेदन सौंपा गया था। इसमें रैली के पांच जगहों के नाम सुझाए गए हैं। लेकिन अब तक पुलिस ने इसकी अनुमति नहीं दी है।

भाजपा ने सोमवार को कहा था कि पुलिस ने महानगर के धर्मतल्ला इलाके में शाह की रैली की अनुमति देने से इंकार कर दिया है। लेकिन पुलिस ने इसका खंडन करते हुए कहा था कि उसे भाजपा की ओर से रैली की अनुमति के सिलसिले में कोई औपचारिक आवेदन नहीं मिला है।

भाजपा सूत्रों ने बताया कि अमित शाह अपनी रैली में असम के एनआरसी मुद्दे पर उभरे विवाद पर बोलेंगे। ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस एनआरसी के मसौदे का भारी विरोध कर रहे हैं। इससे पहले बीते जून में बंगाल के दौरे पर आए शाह ने पुरुलिया में अपनी रैली में विरोधी राजनीतिक दलों के खिलाफ हिंसा के लिए ममता बनर्जी सरकार की जमकर खिंचाई की थी। उस समय उन्होंने अगले साल होने वाले आम चुनावों में राज्य की 42 में से 22 सीटें जीतने का लक्ष्य तय किया था।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News