काशी हिंदू विश्वविद्यालय के चिकित्सा विज्ञान संस्थान के न्यूरोलाजी विभाग एवं नवदृष्टि विभूति फाउंडेशन की ओर से ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन लकवा जनजागरण के तहत लकवा रोग के प्रति समाज में फैले भ्रांति को दूर करने के उद्देश्य से "फिर वही दिन" फिल्म का निर्माण किया गया है। फिल्म की परिकल्पना एवं शोध बीएचयू न्यूरोलाजी विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो• वी• एन• मिश्र एवं प्रख्यात फिल्म निर्माता नरेन्द्र आचार्य के निर्देशन में फिल्म का फिल्मांकन वाराणसी और आसपास के दर्शनीय एवं ऐतिहासिक स्थलों पर किया गया है। फिल्म का प्रीमियर शो आईपी माल सिगरा, वाराणसी में गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को पूर्वाह्न 9 बजे दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो• बी• एम• शुक्ल के मुख्य आतिथ्य में संपन्न होगा। समारोह में विशिष्ट अतिथि संकटमोचन मंदिर के महंत प्रो• विश्वम्भरनाथ मिश्र, वाराणसी के मंडलायुक्त नीतिन रमेश गोकर्ण, जिलाधिकारी योगेश्वरराम मिश्र , बीएचयू महिला महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्या प्रो• अन्नपूर्णा शुक्ला, वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित खरे विशिष्ट अतिथि होगे। इसके पूर्व भी ख्यातिलब्ध न्यूरोलाजिस्ट प्रो• वी• एन• मिश्र की परिकल्पना में मिर्गी रोग की जनजागरुकता के लिए "एक नया दिन" फिल्म का निर्माण किया गया था जिसका तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने नई दिल्ली में उद्घाटन किया था। मिर्गी रोग जनजागरुकता पर हिंदी व अंग्रेजी भाषा में बनी फिल्म भारत सहित पूरी दुनियां में धुम मचायी थी।