पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी का निधन



---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 13 अगस्त 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

लंबे अरसे से बीमार चल रहे लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष और माकपा के कद्दावर नेता रहे सोमनाथ चटर्जी का सोमवार 13 अगस्त 2018 को सुबह महानगर के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। किडनी की समस्या की वजह से बीते मंगलवार से अस्पताल में दाखिल चटर्जी को रविवार सुबह ही दिल का दौरा पड़ा था। वे 89 साल के थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और दो बेटियां हैं। कल से ही उनकी हालत बिगड़ने लगी थी और आज सुबह सवा आठ बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

प्रदानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केसरी नाथ त्रिपाठी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत कई नेताओं ने सोमनाथ चटर्जी के निधन पर गहरा शोक जताते हुए उनको श्रद्धांजलि दी है। तमाम लोगों ने चटर्जी को एक ऐसा सांसद बताया है जिसने भारतीय राजनीति को और समृद्ध किया था।

सोमनाथ बीते कुछ समय से बीमार चल रहे थे। किडनी के संक्रमण के अलावा इस दौरान उनको ब्रेन स्ट्रोक भी हुआ था। इससे पहले बीते जून में ब्रेन स्ट्रोक के बाद सोमनाथ को लगभग 40 दिनों तक अस्पताल में दाखिल रहना पड़ा था। उनको कुछ दिनों पहले ही अस्पताल से रिहा किया गया था।

वर्ष 1968 में राजनीति में शामिल होने वाले सोमनाथ वर्ष 1971 में माकपा के समर्थन से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर लोकसभा का पहला चुनाव जीते थे। उसके बाद उन्होंने पीछे मुड़ कर नहीं देखा। कुछ समय बाद वह माकपा की केंद्रीय समिति के सदस्य बन गए। वर्ष 1984 में कोलकाता की जादवपुर संसदीय सीट पर मौजूदा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, जो तब कांग्रेस की युवा नेता थीं, ने माकपा के इस कद्दावर नेता को पराजित कर दिया था। इस एकमात्र पराजय के अलावा उनको लगभग चार दशकों के अपने राजनीतिक सफर में कभी हार का मुंह नहीं देखना पड़ा। चटर्जी दस बार लोकसभा सदस्य चुने गए थे, वर्ष 1996 में उनको सर्वश्रेष्ठ सांसद के पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। वे वर्ष 2004 से 2009 तक लोकसभा के अध्यक्ष रहे थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमनाथ चटर्जी के निधन पर शोक जताते हुए कहा है कि वे भारतीय राजनीति के पुरोधा थे। उन्होंने संसदीय लोकतंत्र को और समृद्ध बनाया था और गरीबों के हित में हमेशा आवाज उठाते रहते थे।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि सोमनाथ चटर्जी अपने आप में एक संस्थान थे और तमाम राजनीतिक दलों के सांसद उनका सम्मान करते थे।

बंगाल के राज्यपाल केसरी नाथ त्रिपाठी ने भी सोमनाथ चटर्जी के निधन पर गहरा शोक जताया है।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसे एक अपूरणीय क्षति करार देते हुए उनको श्रद्धांजलि दी है।

माकपा नेता सुजन चक्रवर्ती ने कहा कि यह हम सबके लिए एक गहरा सदमा है। बंगाल ने आज अपना अभिावक खो दिया है। यह पूरे राष्ट्र के लिए एक बड़ा नुकसान है।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News