अभी से बन रहा है कालीपूजा का पंडाल



---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 14 अगस्त 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

पश्चिम बंगाल में परिवर्तन होने के बाद दुर्गापूजा आयोजन चार दिन से बढ़कर 10 दिन हो गया है, इसके साथ ही सरकारी छुट्टियों में भी पूजा के दौरान वृद्धि हुई है। दूसरे धार्मिक त्योहार भी पहले से दूने जोश के साथ मनाए जाने लगे हैं। इसमें लक्ष्मी पूजा, काली पूजा, जगद्धात्री पूजा को यहां की पारंपरिक पूजा में शामिल है ही अब राम नवमी और गणेश पूजा भी होने लगी है। इसके साथ ही कोलकाता में एक पूजा के लिए महीनों पहले पंडाल बनाए जाने का काम शुरू किए जाने की मिसाल भी कायम हो रही है।

मौलाली से लेकर धर्मतल्ला तक आने का महत्वपूर्ण रास्ता एसएन बनर्जी रोड का जानबाजार इलाके में रास्ते पर पंडाल बनाया जा रहा है, इससे ट्रैफिक जाम के कारण प्रतिदिन हजारों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि रास्ते के एक ओर गाड़ियों की पार्किंग की जाती है, रास्ता पहले ही संकरा है। इसके बाद रास्ता रोक कर बनाए जा रहे पंडाल से ट्रैफिक जाम हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि 15 दिन से यह हालत जारी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कालीपूजा के लिए पंडाल बनाया जा रहा है, जबकि पूजा नवंबर में है। माना जा रहा है कि इसके कारण महीनों तक ट्रैफिक जाम की समस्या से भुगतना होगा। बारिश होने पर हालात और भी खराब हो जाएंगे। एक दुकानदार के मुताबिक यहां हर साल काली पूजा के मौके पर पंडाल बनाया जाता है, लेकिन पहली बार महीनों पहले यह पंडाल का काम शुरू कर दिया गया है।

इसके साथ ही स्थानीय लोगों की ओर से यह भी पूछा जा रहा है कि लक्ष्मी पूजा के 15 दिन बाद कालीपूजा का आयोजन होता है। हाल तक कई जगह दुर्गापूजा के पंडाल बनाने का काम भी शुरू नहीं हुआ है। ऐसे में कालीपूजा का पंडाल बनाने की मंजूरी किसने दी है ? इसके साथ ही यह भी आरोप है कि द कैलकाटा टेक्नीकल स्कूल का गेट बंद करके यह पंडाल बनाया जा रहा है, यह किसके आदेश और निर्देश पर कियाजा रहा है ?

सूत्रों के मुताबिक 110 नंबर एसएन बनर्जी रोड पर पालीटेकनिन कालेज के सामने पंडाल बनाया जा रहा है। फुटपाथ ही नहीं रास्ते पर भी पंडाल के बांश पहुंचने का आरोप है। कालेज के मूल फाटक को कपड़े से ढंक दिया गया है। कालेज के नजदीक बांश का ढेर लगा रखा गया है। यहां अभिनंदन समारोह का पोस्टर लगा होने के कारण पहले लोगों ने समझा था कि कोई सम्मान समारोह किया जाएगा, लेकिन जब पता चला कि महीनों पहले कालीपूजा की तैयारी की जा रही है तो कई लोगों ने नाराजगी प्रकट की है।

कालेज के आफिसर इंचार्ज देवव्रत प्रधान का कहना है कि कालेज का गेट बंद करने के लिए किसी तरह की मंजूरी नहीं ली गई है। मैं यहां नया काम कर रहा हूं। मुझे बताया गया कि हर साल यहां पूजा के लिए पंडाल बनाया जाता है। मौखिक तौर पर मुझे सूचित किया गया था, इसलिए विरोध नहीं किया। जबकि फुटपाथ कोलकाता नगर निगम का है, वहां क्या हो रहा है इस बारे में मुझे नहीं निगम को देखना है। लेकिन स्कूल आने वालों के लिए फाटक का कुछ हिस्सा खाली रख दें, इस बारे में आयोजकों से गुजारिश करूंगा।

हालांकि पूजा कमेटी जानबाजार सम्मिलित कालीपूजा समिति के अध्यक्ष और स्थानीय 52 नंबर वार्ड के पार्षद संदीपन साहा का कहना है कि इस साल काली पूजा का गोल्डन जुबली समारोह है। उनका दावा है कि नियमानुसार रास्ते के जितने हिस्से पर पंडाल बनाया जा सकता है, उससे कम जगह पर पंडाल बनाया जा रहा है। इलाके में ट्रैफिक जाम नहीं हो, इसलिए पार्किंग की जगह खाली कर दी गई है। उनका दावा है कि ट्रैफिक जाम की समस्या कम हुई है।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News