---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 19 अगस्त 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
राज्य सरकार भयावह बाढ़ से जूझ रहे केरल में बाढ़ राहत कार्यों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में 10 करोड़ रुपए की सहायता करेगी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को यहां अपने एक ट्वीट में इसकी जानकारी दी।
ममता ने कहा कि प्राकृतिक विपदा से जूझ रहे केरल की संकट की इस घड़ी में वे राज्य के लोगों के साथ हैं। राज्य में बाढ़ राहत कार्यों के लिए सरकार ने वहां मुख्यमंत्री राहत कोष में 10 करोड़ रुपए की सहायता देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि सरकार बाढ़ की मौदूजा परिस्थिति से निपटने के लिए केरल सरकार को हरसंभव सहायता देने के लिए तैयार है। ममता ने उम्मीद जताई कि राज्य में जल्दी ही सामान्य जनजीवन बहाल हो जाएगा।
ममता ने इससे पहले शनिवार को अपने एक ट्वीट में बाढ़ पीड़ितों के प्रति एकजुटता जताई थी। उन्होंने ट्विटर पर कहा था कि सिर्फ शब्द काफी नहीं हैं। मैं केरल के अपने सभी भाईयों-बहनों से यह कहना चाहती हूं कि हमारी आत्मा और प्रार्थनाएं आप सभी के साथ हैं। जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उन परिवारों के प्रति संवेदनाएं। केरल में बाढ़ से लड़ रहे लोगों को शक्ति मिले।
ध्यान रहे कि केरल में बीते 94 वर्षों की सबसे भयावह बाढ़ में बीते अगस्त से अब तक साढ़े तीन सौ से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। शनिवार को बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य सरकार को पांच सौ करोड़ रुपए की सहायता देने का एलान किया है।