--- हरेन्द्र शुक्ला, वरिष्ठ पत्रकार, वाराणसी।
काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में महिला सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जायेगी। प्रथम चरण में 25 महिला सुरक्षाकर्मियों की तैनाती शीघ्र कर दी जायेगी। परिसर में चिन्हित 65 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे से अराजक तत्वों की निगहबानी होगी। विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और तगडी की जायेगी ताकि बाहरी अराजक तत्व शैक्षणिक माहौल में को बिगाड़ने में कामयाब न हो सके। यह बात गुरुवार को काशी हिन्दू विश्वविद्यालय की नव नियुक्त चीफ प्राक्टर प्रो• रोयना सिंह ने लक्ष्मणदास अतिथि गृह में आयोजित पत्रकारवार्ता में पत्रकारों को दीं।
उन्होंने कहा कि अपराध के बदलते ट्रेड के अनुसार विश्वविद्यालय प्राक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षाकर्मियों को विशेष रुप से प्रशिक्षित किया जायेगा। इसके अलावा महिला छात्रावासों के हर चौराहे पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के साथ ही आवश्यक जगहों पर प्रकाश एवं सीसीटीवी कैमरे लगाये जायेंगे। यह कार्य प्राथमिकता के तौर पर दस दिनों में पुरा कर लिया जायेगा। परिसर में बाहरी तत्वों की चहलकदमी को रोकने के सवाल पर नव नियुक्त चीफ प्राक्टर ने कहा कि परिसर में अराजक तत्वों की आमदरफ्त रोकने के लिए जिला पुलिस प्रशासन के सहयोग से औचक जांच कराई जायेगी। इसके अलावा परिसर के सिंहद्वार सहित सभी प्रवेशद्वारों पर सुरक्षा की तगड़ी व्यवस्था के साथ ही 24 छंटे पेट्रोलिंग की व्यवस्था की जायेगी।
बताते चले कि गत दिनों बीएचयू में हुई हिंसक घटना को नियंत्रित करने में विफल तत्कालीन चीफ प्राक्टर प्रो• ओ• यन• सिंह के क्रिया कलापों पर बीएचयू कार्यकारिणी परिषद ने नाराजगी जताई थी, इसके बाद प्रो• सिंह ने चीफ प्राक्टर पद से इस्तिफा दे दिया था। इसके बाद कुलपति प्रो• गिरीश चन्द्र त्रिपाठी ने गुरुवार को चिकित्सा विज्ञान संस्थान के एनाटॉमी विभाग की पूर्व अध्यक्ष प्रो• रोयना सिंह को तत्काल प्रभाव से चीफ प्राक्टर नियुक्त कर दिया। प्रो• रोयना सिंह बीएचयू महिला शिकायत प्रकोष्ठ की वर्ष 2013 से चेयरमैन भी है।
पत्रकारवार्ता दौरान बीएचयू पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यक्ष प्रो• अनुराग दवे, सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी डाक्टर राजेश सिंह भी मौजूद रहे।