हावड़ा, 01 सितम्बर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
गंगा समग्र द्वारा प्रत्येक शनिवार को छात्रों के बीच गंगा स्वच्छता अभियान और जागरूकता अभियान चलाया जाएगा यह संकल्प लिया गया था। विगत दो महीनों से कई स्कूलों में गंगा के प्रति छात्रों को जानकारी देते हुए जोड़ा गया। संकल्प के अनुसार आज शनिवार 01 सिंतबर को हावड़ा के एक और विद्यालय "हावड़ा हिंदी हाई स्कूल" में कक्षा 7 से लेकर 12वीं तक के छात्रों के बीच गंगा स्वच्छता अभियान और जागरूकता अभियान दो भाग में चलाया गया जिसमें लगभग 300 छात्रों ने भाग लिया।
पश्चिम बंगाल के गंगा स्वच्छता प्रमुख बृज उपाध्याय ने बच्चों को गंगा की वर्तमान स्थिति व महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जागरूकता के अभाव में आज माँ गंगा बहुत ही ज्यादा प्रदूषित हो चुकी है, गंगा का अस्तित्व अब संकट में है, अगर ऐसा ही हाल रहा तो बिना गंगा के मानव जीवन संकट मे पड़ने वाला है। ऐसे में गंगा को बचाने का दायित्व आज के छात्रों को अपने कंधे पर लेना होगा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार चोमाल, राम प्रकाश सिंह व कई शिक्षकों ने भी "गंगा को कैसे प्रदूषण से मुक्त किया जाय" विषय पर बच्चों को जानकारी दी। वहीं बच्चों ने संकल्प लिया कि वे गंगा को स्वच्छ रखने में अपनी जिम्मेदारी का निर्वाह करेंगे। घर में, बाहर दोस्तों और रिश्तदारों से गंगा को स्वच्छ रखने की अपील करेंगे। गंगा में किसी भी प्रकार का वर्जित प्रदार्थ- प्लास्टिक, बासी माला फूल, कूड़ा विसर्जित नहीं करेंगे और न ही किसी को करने देंगे। छात्रों ने संकल्प लिया कि वे प्रयेक सप्ताह नजदीक के घाटों पर जायेंगे और खुद से लोगों के बीच गंगा स्वच्छता अभियान और जागरूकता अभियान चलायेंगे। कुछ छात्रों ने कहा कि वे प्रत्येक रविवार को अलग अलग गंगा घाटों पर गंगा स्वच्छता अभियान चलायेंगे और जनसमूह को माँ गंगा के प्रति जागृत करेंगे।
कार्यक्रम दौरान गंगा समग्र के हावड़ा जिला के वरिष्ठ कार्यकर्ता उमेश वर्मा, हावड़ा जिला गंगा स्वच्छता प्रमुख प्रमोद गुप्ता, अजय सिंह सक्रिय दिखें।