बंगाल : तेल की कीमत में एक रुपए लीटर की कटौती की सरकार ने



---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 11 सितंबर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

देश में तेल की कीमतों में लगातार होने वाली बढ़ोतरी को ध्यान में रखते हुए राज्य की ममता बनर्जी सरकार ने मंगलवार को पेट्रोल व डीजल की कीमतें एक रुपए प्रति लीटर घटाने का फैसला किया है। घटी हुई कीमतें आज आधी रात से लागू हो जाएंगी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य सचिवालय नवान्न में कीमतों में कटौती का एलान किया। उन्होंने आम लोगों को राहत देने के लिए केंद्र से भी चुंगी हटाने की मांग की।

फिलहाल महानगर में पेट्रोल की कीमत 83.75 रुपए और डीजल 75.82 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। ममता ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि केंद्र ने पेट्रोल व डीजल पर एक्साइज ड्यूटी नौ गुनी बढ़ा दी है। पेट्रोल व डीजल पर इसमें 11.77 रुपए की बढ़ोतरी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि एक ओर जब कच्चे तेल की कीमतें घट रही हैं, सरकार तेल की कीमतें बढ़ा रही हैं। इसके चलते आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल देश में पूरी तरह आर्थिक कुप्रबंधन की स्थिति है और केंद्र सरकार इसमें स्थिरता लाने के लिए कोई कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने तेल से केंद्रीय चुंगी तुरंत वापस लेने की मांग की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार फिलहाल पेट्रोल व डीजल की कीमत एक रुपए प्रति लीटर घटा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम लोगों का बोझ कम करने के लिए ही सरकार ने बिक्री कर की दर में वृद्धि नहीं की है। उन्होंने कहा कि इस दौरान राज्य सरकार ने आम लोगों की दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए बिक्री कर और चुंगी में कभी वृद्धि नहीं की है। चुनावों को ध्यान में रखते हुए कुछ राज्यों ने पेट्रोल व डीजल की कीमतें घटाई हैं। आंध्र प्रदेश ने दो रुपए प्रति लीटर की कटौती की है। लेकिन उन पर कर्ज का इतना भारी बोझ नहीं है। ममता ने कहा कि साल में 48 हजार करोड़ के कर्ज का भुगतान करने के बावजूद सरकार ने यहां तेल की कीमतें घटाने का फैसला किया है।

ममता ने कहा कि जनवरी, 2016 में एख लीटर पेट्रोल की कीमत 66.12 रुपए थी जो सितंबर, 2018 में बढ़ कर 81.60 रुपए तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 से अब तक पेट्रोल की कीमत में 16.48 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि हो चुकी है। इसी तरह वर्ष 2016 में डीजल की कीमत 48.80 रुपए प्रति लीटर थी जो इस साल पहली सितंबर को बढ़ कर 73.26 रुपए लीटर तक पहुंच गई। डीजल की कीमतों में इस दौरान 24.46 रुपए की वृद्धि हुई है।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News