कम्युनिस्टों द्वारा सुन्नियों का संहार



---के• विक्रम राव, अध्यक्ष-इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स।

इस्लामी पाकिस्तान की जानकारी में (बल्कि उसकी मूक स्वीकृति से) कम्युनिस्ट चीन अपने पश्चिम प्रांत शिनजियांग में मुसलमानों का थोक में वध कर रहा है। ऐसा व्यवहार तो नाजियों ने जर्मन यहूदियों के साथ भी नहीं किया था। जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार आयोग की बैठक (11 अगस्त 2018) में अपनी जॉच रपट पेश करते हुए गेई• मैकडूगल ने बताया कि 20 लाख मुसलमानों को माओवादी शिक्षण शिविर में अनीश्वरवादी बनाने के लिए कैद रखा गया है। दस लाख सुन्नियों को जेल में नजरबंद कर दिया गया है। इन लोगों का केवल अपराध यह है कि वे अपनी जीवन पद्धति इस्लामी आचरण के मुताबिक संवारना चाहते हैं। बर्लिन के प्रोफेसर हांस-क्रिश्चियन गुंथर ने चीन से लौटकर (26 अगस्त 2018) को अपने मीडिया कॉलम में यह लिखा कि उइगर-भाषी मुसलमानों के दमन से भारत का सीधा सरोकार होना चाहिए। क्योंकि यह चीन की विदेश नीति का खास आधार बन चुका है। शिजियांग के मुसलमानों के संहार पर विभिन्न इस्लामी राष्ट्र, विशेषकर सउदी अरब, की षोरभरी खामोशी यही दर्शाती है कि चीन से तिजारत का महत्व इस्लामी अकीदे से ऊपर है, अधिक है।

सवा सौ करोड़ की हान नस्ल के चीनी जन के सामने दो प्रतिशत उइगर मुसलमान तो जीरे के बराबर भी नहीं हैं। लेकिन उनके विरोधी तेवर और स्वर के कारण चीन के बहुसंख्यक उन्हें मिटा देना चाहते हैं। तीन तरीके अपनाए गए हैं। उइगर मुस्लिम युवतियों की शादी जबरन हान युवकां से कराई जा रही है। तुर्की भाषा की जगह चीनी मंडारिन को अनिवार्य कर दिया गया है और उनके मजहबी दस्तूर और रिवायतों पर पाबंदी लगाई जा रही है। जनसंख्या की दृष्टि से 1949 में झिनशियांग में 95 प्रतिशत उइगर मुसलमान और पांच प्रतिशत हान चीनी थे। आज दोनों पचास फीसद अर्थात् ठीक बराबर हो गए हैं।

आखिर कम्युनिस्ट चीन की केंद्रीय सरकार से इन उइगर मुसलमानों ने मांगा क्या था? बस वे अधिकार जिनका भारत में हर मुसलमान दशकों से निर्बाध रूप से उपभोग कर रहा है। उइगर लोग चाहते हैं : उन्हें जुम्मे की नमाज मस्जिदों में अदा करने दी जाए, वजू करने हेतु नल का पानी वहां पर मिले। हज यात्रियों की संख्या में की गई कटौती खत्म हो। पचास वर्ष से कम आयु वालों को हज पर जाने की इजाजत वापस दी जाए, अठारह वर्ष से कम उम्रवालों को मस्जिद प्रवेश की अनुमति दी जाए। उनकी मातृभाषा तुर्की को सीखने पर लगी पाबंदी हटा ली जाए और उनपर मंडारिन भाषा न लादी जाए। उइगर साहित्य को अरबी लिपि में ही रहने दिया जाए, मजहबी किताबों की बिक्री पर से पाबंदी उठा ली जाए, पाक कुरान पर सरकारी संस्करण न थोपा जाए, मदरसों के सील खोल दिए जाएं, पुनर्शिक्षित करने के नाम पर बंदी शिविरों में अकीदतमंदों को जबरन नास्तिक न बनाया जाए। सरकारी दफ्तरों में नमाज पढ़ने के लिए अल्पावकाश का प्रावधान किया जाय। उनकी रिहाइशी बस्तियों में घेंटी का गोश्त न बेचा जाए। उनके अपने रोजगार में आयातीत बहुसंख्यक हान वर्ण के चीनीजन को वरीयता न दी जाए। उनकी ऐतिहासिक राजधानी काशगर को विश्व धरोहर करार दी जाये। ऐतिहासिक इमारतें ध्वस्त कर आवासीय कॉलोनी और शॉपिंग माल न बनाए जाएं।

उइगर मुसलमान उदार सूफी चिंतन से प्रभावित हैं। उनकी स्वाधीनता, विकास तथा समरसतावाली आकांक्षा को आतंकवाद कहना तथ्यों को विकृत करना होगा। उइगर मुसलमान उज्बेकियों के निकट हैं जबकि तालिबानी लोग पश्तून हैं। दोनों शत्रु हैं। एक भी उदाहरण नहीं मिलता जब कोई उइगर मुसलमान किसी फिदायीन हमले का दोषी पाया गया हो। चीन ने इन उइगर मुसलमानों पर आतंकवादी का ठप्पा लगा दिया है। पर उसकी दुहरी नजर में जमात-उद-दावा, जो लश्कर का सियासी अंग है और भारत में कई वारदातों को अंजाम दे चुका है, एक स्वयंसेवी संस्था है जो मिल्लत की खिदमत करता है।

अतः सवाल यह है कि हिंदू-बहुल भारत में फल फूल रहे इस्लामी तंजीमों, अंजुमनों, संगतों तथा रफाकतों ने शिगजियांग के सुन्नियों के प्रति एकजुटता और हमदर्दी कितनी और कब दिखाई? कश्मीरी गिलगिट से शिंगजियांग की राजधानी कासगर की दूरी सवां सौ किलोमीटर है। काराकोरम मार्ग से पुराने रेशम मार्ग होते हुए जाते हैं। भारतीय सीमा के समीप है।

किंतु यह प्रश्न इसलिए खटासभरा हो जाता है क्योंकि विश्व में कहीं भी मुसलमानों पर हमला होता है, तो भारत के मुसलमान तुरंत सड़क पर उतर आते हैं। इजराईल के अलअक्सा मस्जिद में तोड़फोड हो, डेनमार्क के अखबार में कोई कार्टून बना दे, पैरिस के दैनिक में कोई व्यंगात्मक लेख छप जाए, चेचेन्या और कोसोवो के राष्टविरोधियों पर पुलिसिया कार्यवाही हो तो भारतीय मुसलमान उससे अपना सीधा सरोकार जोड़ लेते हैं। हालही में हजारों मील दूर बर्मा के रोहिंगिया मुसलमान असम में घुस रहे थे तो भारतीय सुरक्षाबलों से टकराव हुआ। इस पर उत्तर प्रदेश और महाराष्ट के मुसलमान हजरतगंज और वीटी स्टेशन तक बल्लम, बर्छी, छूरी, लाठी, जंजीर आदि लेकर उत्पात मचाने लगे, पुलिस असहाय थी। मगर इन्हीं मुसलमानों ने आजतक शिगजियांग के पीड़ित सधर्मियों के समर्थन में नई दिल्ली में पाकिस्तानी उच्चायोग और चीनी दूतावास के समक्ष प्रदर्शन नहीं किया। क्यों? देवबंद, बरेल्वी, जमाते इस्लामी, असदुद्दीन ओवैसी, नदवा कालेज (लखनऊ), दानिश्वारों, अदीबों, अकीदतमंदो को इसका जवाब देना होगा। भारत सेक्युलर है और यहां मजहबी सियासत करना गुनाह है। यदि इन लोगां को ये सेक्युलर कानून गवारा नहीं है तो ये दारूल इस्लाम को तलाश लें। दारूल हर्ब को छोड़ दें, क्योंकि सत्तर साल हो गये भारत मजहब के कारण पिछड़ता गया। नई पंथनिरपेक्ष पीढ़ी के बर्दाश्त के यह बाहर हो गया है। भारत अब दकियानूस नहीं रहेगा।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
राष्ट्रीय विशेष
  India Inside News