तृणमूल प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर पेश करेगी ममता को



---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 24 सितम्बर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

तृणमूल कांग्रेस अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। पार्टी इस बार सोशल मीडिया पर भी विशेष ध्यान दे रही है। पार्टी की योजना डिजिटल प्लेटफार्म के माध्यम से केंद्र सरकार के खिलाफ व्यापक तौर पर प्रचार अभियान चलाने के साथ-साथ ममता बनर्जी को प्रधानमंत्री पद की उम्मीदवार के रूप में पेश करने की है। आने वाले महीनों में तृणमूल की ओर से सोशल मीडिया पर नया नारा दिया जाएगा, जिसे पार्टी के सोशल मीडिया सेल ने तैयार किया है। नारा है-चलो पालटाई, एबार बंगाली प्रधानमंत्री चाई (चलो बदलाव करें, इस बार बंगाली प्रधानमंत्री चाहिए)। राज्य की मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने शहीद दिवस मंच से राज्य की सभी 42 लोकसभा सीटें जीतने का दम भरा था। इसे भी नारे के रूप में पार्टी ने पेश करने की योजना बना ली है, नारा होगा- 2019 के लिए शपथ है, बंगाल की 42 में 42 सीटें हमारी है।

मालूम हो कि कि इस नारे को पार्टी की सोशल मीडिया सेल ने तैयार किया है जिसके 40 हजार सोशल मीडिया वोलेंटियर हैं। इतना ही नहीं, ऐसे एक दर्जन से अधिक नारों को बांग्ला के साथ हिंदी, उर्दू और अंग्रेजी में भी तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य ममता बनर्जी को अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा विरोधी आंदोलन में प्रमुख चेहरे के रूप में पेश करना है।

इस आईटी सेल की अध्यक्षता लोकसभा सांसद और मुख्यमंत्री के भतीजे अभिषेक बनर्जी कर रहे हैं और भी कई जानेमाने लोगों को इस सेल में शामिल किया गया है।

प्रचार में बांग्ला के साथ हिंदी, अंग्रेजी और उर्दू पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इसकी बानगी सोशल मीडिया समूह प्रशासकों के बीच प्रसारित मुख्यमंत्री के एक आॅडियो संदेश में देखने को मिली है, जिसमें उन्होंने हिंदी पर विशेष जोर दिया है। मुख्यमंत्री ने आॅडियो संदेश में कहा है-याद रखें, यह एक राष्ट्रीय चुनाव है। बांग्ला और अंग्रेजी के अलावा अभियान के लिए हिंदी पर अधिक ध्यान केंद्रित करें, ताकि आप तृणमूल के संदेश को राष्ट्रीय स्तर पर फैला सकें। वैसे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कहती रही हैं कि उनकी प्रधानमंत्री बनने की कोई महत्वाकांक्षा नहीं है, लेकिन पार्टी की कोशिश उन्हें प्रधानमंत्री के उम्मीदवार के रूप में पेश करने की है। यह बात दीगर है कि ममता केंद्र सरकार के खिलाफ लगातार मुखर रही हैं। उन्होंने नोटबंदी, जीएसटी और एनआरसी जैसे राष्ट्रीय मुद्दों पर खुलकर केंद्र सरकार का विरोध किया है।

पार्टी के महासचिव पार्थ चटर्जी ने कहा कि ममता बनर्जी 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ विपक्ष की लामबंदी में अहम भूमिका निभा रही हैं, जिसे कई पार्टियों का समर्थन प्राप्त है।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News