वृद्धजनों की सेंवा से ही लौटेगी खुशहाली - डा• एस• के• पाठक



* गांधी जयंती पर ब्रेथ इजी ने वृद्धाश्रम में स्वच्छता अभियान के साथ किया नि:शुल्क स्वास्थ्य परिक्षण

वाराणसी। ब्रेथ ईजी टीबी, चेस्ट, एलर्जी केयर सेंटर अस्सी वाराणसी की ओर से विश्व वृद्धजन दिवस / गाँधी जयंती के अवसर पर सोमवार को दुर्गाकुण्ड स्थित वृद्धाश्रम में वरिष्ठ चिकित्सक एवं समाज सेवक डा• एस• के• पाठक के नेतृत्व में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वृद्धाश्रम परिसर में साफ-सफाई अभियान के बाद आश्रम की वृद्ध माताओं का ब्लड प्रेशर, कंप्यूटर मशीन द्वारा फेफड़ो की जाँच, ब्लड सुगर की जाँच, पश्चात नि:शुल्क परामर्श एवं नि:शुल्क दवा का वितरण किया गया। स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।

चिकित्सा शिविर के बाद ब्रेथ ईजी की मैनेजिंग डायरेक्टर सुनीता पाठक द्वारा वृद्ध माताओं को अंगवस्त्र, फल एवं मिष्ठान का वितरण किया गया।

इस अवसर डा• एस• के• पाठक ने कहा कि समाज के विकास के लिए युवाओं को बुजुर्गों का सम्मान और उनकी सेवा करनी चाहिए तभी सामाजिक समरसता होगी और भारत समृद्धि की राह पकड़ेगा। उन्होंने ने कहा कि बढ़ती उम्र के साथ हर व्यक्ति के मन में यह आशंका घर कर जाती है कि बुढ़ापा आने वाला है, कुछ बदलाव तो उम्र के साथ होते है लेकिन खराब जीवन शैली तथा शारीरिक श्रम के अभाव में व्यक्ति कुछ समस्याओं को खुद निमंत्रण देता है। शारीरिक दुर्बलता के कारण बुढ़ापे में हड्डी व मासपेशियो में कमजोरी आने लगती है, हाई ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल, हृदय रोग, कैंसर, आँखों की रोशनी में कमी, ग्लूकोमा, कम सुनना, घुटनो व जोड़ो में दर्द इत्यादि कुछ सामान्य सी बीमारी है जो अधिकतर बड़ी उम्र के लोगों में देखने को मिलती है। डा• पाठक ने सचेत किया कि यदि हम युवावस्था में ही अपनी जीवनशैली, संतुलित खानपान, नियमित व्यायाम पर ध्यान दे तो काफी हद तक बीमारियों से बचा जा सकता है। लोगों से मिलना जुलना, अपने शौक को डेवलप करना, घूमना, जितना हो सके अपना काम स्वयं करना, किसी सामाजिक संस्था से जुड़ना आदि बातों को अपनाकर मानसिक तनाव से बचा जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि ब्रेथ ईजी जन जागरूकता के लिए समय समय पर जागरूकता अभियान चलाता रहता हैं जिसमें नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, क्लिनिक, जन जागरूकता रैली, मोबाइल कैंप आदि प्रमुख हैं।

इस अवसर पर डा• इन्द्रपाल, सुनील उपाध्याय, अभिषेक केशरी, अश्विनी पाठक, तेज जायसवाल, अखिलेश, रतन, संजय, रोहित, प्रकाश, विकास, प्रशांत, प्रतिमा आदि मौजूद रहे।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News