बीएचयू प्रशासन अलर्ट मोड में, समस्या सुनेगा अब पोर्टल



--- हरेन्द्र शुक्ला, वरिष्ठ पत्रकार, वाराणसी।

☆ जिला एवं विश्‍वविद्यालय प्रशासन के संयुक्त बैठक में परिसर में चप्पे-चप्पे पर कड़ी सुरक्षा का दावा

☆ जारी हुआ हेल्पलाइन नंबर

वाराणसी। काशी हिन्दू विश्‍वविद्यालय में छेड़खानी को लेकर हुए आंदोलन के दौरान हुई हिंसा के बाद प्रशासन भी अब अलर्ट मोड में आ गया है। चुंकि हिंसा के कारण और दुर्गापूजा की छुट्टी के बाद विश्वविद्यालय मंगलवार को खुल रहा है। ऐसे में बीएचयू प्रशासन भी छात्र छात्राओं के आवश्‍यक जरुरतों की पूर्ति हेतु कटिबद्ध है। इस दिशा में निरंतर पहल करते हुए विश्‍वविद्यालय द्वारा राईट टू एडमिनिन्ट्रेशन पोर्टल सृजित किया गया है जिसके माध्यम से छात्र छात्राएँ अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से प्रशासन को अवगत करा सकते है।

विश्‍वविद्यालय द्वारा छात्राओं की समस्याओं को सुनने एवं उनका त्वरित निराकरण करने हेतु एक टीम बनाई गयी है जिसमें शिक्षक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के अतिरिक्‍त अन्य महिलाएँ शामिल है जो छात्राओं से निरंतर संवाद स्थापित करेगी। इसके अतिरिक्‍त एक अन्य टीम भी बनाई गयी है जो आवश्‍यकता पड़ने पर छात्राओं की समस्याओं का त्वरित निराकरण करेगी। जरुरत पड़ने पर अविभावकों से भी संवाद स्थापित किया जायेगा। महिला शिकायत प्रकोष्‍ठ को और सक्रिय किया जायेगा।

छात्राओं द्वारा जरुरत पड़ने पर हेल्पलाईन नम्बर
8004922000 तथा 0542-2369134
पर भी सम्पर्क किया जा सकता है।

परिसर की सुरक्षा चाक-चौबंध करने हेतु व्यापक स्तर पर प्रबंध किये गये है। इसके अंतर्गत परिसर में विभिन्‍न मार्गों पर अधिक प्रकाश देने वाली स्ट्रीट एलईडी लाईट लगा दी गयी है तथा अन्य स्थानों पर लाईट लगाने का क्रम निरंतर जारी है। इसके अलावा परिसर में सी•सी•टी•वी• कैमरे लगाने हेतु चिन्हित किये गये स्थानों पर भी कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है। इसके अंतर्गत विश्‍वविद्यालय के सिंह द्वार पर 3, नरिया गेट पर 4, सुन्दर बगिया गेट पर 3, हैदराबाद गेट पर 3, सीर गेट पर 4, छित्तुपुर गेट पर 3 तथा त्रिवेणी संकुल पर 3 सी•सी•टी•वी• कैमरे लगाये गये है। शेष स्थानों पर सी•सी•टी•वी• लगाने का कार्य तीव्र गति से चल रहा है।

सोमवार को लक्ष्मण दास अतिथि गृह के सभागार में जिला एवं पुलिस प्रशासन तथा काशी हिन्दू विश्‍वविद्यालय के अधिकारियों के साथ सम्पन्‍न बैठक में परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक विचार विमर्श किया गया। बैठक में बताया गया कि परिसर में बाहरी तत्वों तथा उनके सहयोगियों के आवागमन पर सुरक्षा तंत्र, पुलिस एवं खुफिया विभाग के लोगों द्वारा पैनी नजर रखी जायेंगी। दुपहिया एवं चार पहिया वाहनों के अलावा छात्रावासों में तथा परिसर में आने जाने वाले लोगों की आकस्मिक चेकिंग की जायेगी। कोई भी संदिग्ध व्यक्‍ति पाये जाने पर कठोर कार्यवाही की जायेगी। दुपहिया एवं चार पहिया वाहनों के कागजातों की औचक चेकिंग की जायेगी। परिसर में महिला सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के साथ साथ महिला होमगार्डो की सेवाएँ भी ली जायेंगी। परिसर में सादे वेश में खुफिया तंत्र के लोग भ्रमण करेंगे। प्रत्येक गेट पर सादे वेश में पुलिस के जवान तैनात होंगे।

बैठक में जिलाधिकारी योगेश्वर राम मिश्र वरिष्‍ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक (नगर), अपर जिला मजिस्ट्रेट (नगर) के अलावा काशी हिन्दू विश्‍वविद्यालय के कुलसचिव डा• नीरज त्रिपाठी, छात्र अधिष्‍ठाता प्रो• एम• के• सिंह, मुख्य आरक्षाधिकारी प्रो• रोयना सिंह आदि मौजूद रहे।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News