हावड़ा, 02 नवम्बर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
एक हृदयविदारक घटना पश्चिम बंगाल राज्य के मुख्यमंत्री कार्यालय नवान्न के सामने घटी। जहां उत्तर हावड़ा के सलकिया स्थित 48 त्रिपुरा राय लेन हावड़ा, वार्ड संख्या 11 के बापन साहा ने आत्मदाह किया।
माँ माटी मानुष विचारधारा वाली पश्चिम बंगाल सरकार के समक्ष एक बार फिर सिंडिकेट राज का नमूना प्रस्तुत हुआ। आरोप है कि स्थानीय प्रमोटर बिनोद गुप्ता ने पीड़ित के घर के सामने एक अवैध निर्माण शुरू किया। पीड़ित बापन के प्रतिवाद करने पर स्थानीय तृणमूल के वार्ड अध्यक्ष गौतम साहा उर्फ बापी के साथ उनके सहयोगियों ने बापन पर दबाव बनाना शुरू किया। यहां तक कि बापन और उसकी पत्नी सहित उसके बुजुर्ग पिता के साथ मारपीट की गई जिसके बाद पुलिस ने भी उसे सहयोग नहीं किया। अन्तत: चारो ओर से निराश युवक ने मुख्यमंत्री कार्यालय नवान्न के सामने आत्मदाह की। 95% जली अवस्था में एस•एस•के•एम• पहुंचाया गया।
वहीं भाजपा नेता उमेश राय का आरोप है कि लीपापोती का प्रयास जारी है, सिंडिकेट जोरों पर है। उन्होंने कहा कि क्या मुझे तृणमूल मित्र बताएंगे कि एक कट्ठे से भी कम स्थान पर कैसे पांच तल्ले का निर्माण हो रहा है, गरीब, प्रतिवाद करने वाले मारे जाएंगे। और आप माँ माटी मानुष का नारा लगाएंगे। पहले अपना घर संभालो फिर असम देखना।