फेसबुक लाइव में ममता से पिछड़े मोदी...!



---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 12 नवम्बर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कड़ी टक्कर देती दिख रही हैं। एक जमाना था जब सोशल मीडिया पर मोदी की तूती बोलती थी, लेकिन अब हालात बदल गए हैं। महानगर के टाली की मकान में रहने वाली दीदी ने फेसबुक लाइव कार्यक्रम में लोकप्रियता के मामले में मोदी को मीलों पीछे छोड़ दिया है। मालूम हो कि प्रधानमंत्री बीते कई सालों से फेसबुक लाइव पर दिखाई देते हैं। उनके मुकाबले सूती साड़ी और हवाई चप्पल पहनने वाली दीदी महज एक महीने से यहां सक्रिय हुई हैं। मालूम हो कि इस साल दुर्गापूजा उद्घाटन समारोह से ही मुख्यमंत्री फेसबुक के लाइव कार्यक्रम में शामिल हुई हैं। इसके पहले फेसबुक में आने के बाद लाइक, शेयर और कमेंट के मामले में भी उन्होंने प्रधानमंत्री को कड़ी टक्कर देनी शुरू की थी। ऐसे में फेसबुक लाइव में ममता दूसरे लोगों से मीलों आगे निकल गई हैं। आंकड़े बताते हैं कि दुर्गापूजा उद्घाटन से लेकर हाल में शुरू हुए अंतरराष्ट्रीय कोलकाता फिल्म समारोह के शुरू होने तक फेसबुक पर बंगाल की मुख्यमंत्री के जितने कार्यक्रम लाइव हुए हैं, उनकी संख्या मिलाकर दर्शकों की संख्या 50 लाख से ज्यादा हो गई है। इसमें सिर्फ 7 नवंबर को ममता के घर हुई कालीपूजा लाइव को 26 लाख 63 हजार 800 दर्शकों ने देखा है। नेट दुनिया के हिसाब से गत 31 अक्टूबर को गुजरात में सरदार बल्लभ भाई पटेल की मूर्ति स्टैचू आफ यूनिटी के उद्घाटन समारोह का भाजपा ने फेसबुक पर लाइव किया था, उसे कुल मिलाकर 12 लाख दर्शकों ने देखा था। जबकि उसके कुछ दिन पहले महानगर के रेड रोड पर आयोजित हुए दुर्गापूजा कार्निवल कार्यक्रम का तृणमूल साइबल सेल ने फेसबुक लाइव प्रदर्शन किया था, मुख्यमंत्री की उपस्थिति वाले इस कार्यक्रम को 14 लाख लोगों ने देखा था।

मालूम हो कि तकनीकी के व्यवहार करने के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फेसबुक लाइव बहुत ज्यादा अत्याधुनिक है। इसके लिए कई कैमरों का व्यवहार किया जाता है। इस मामले में ममता का कार्यक्रम मोबाइल फोन के माध्यम से लाइव किया जाता है। राजनीतिक प्रेक्षकों का कहना है कि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम तकनीकी के प्रयोग में बहुत आगे है लेकिन दीदी का कार्यक्रम भले ही तकनीक के मामले में उन्नीस हो, लेकिन भावना से लेकर कार्यक्रम के मामले में लोगों के दिल के ज्यादा करीब पहुंच जाता है। इसलिए ममता के घर की कालीपूजा आमार बाड़ीर कालीपूजा लाइव होने के कुछ ही समय में 27 लाख दर्शकों को जोड़ने में सक्ष्म हो जाता है। बताया जाता है कि इसके पहले ‘जब विरोधी खुद की क्षमता कायम करना चाहते हैं, तब भाजपा भारत का भविष्य परिवर्तन करना चाहती है’ शीर्षक के प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को महज 20 हजार दर्शकों ने लाइव देखा था।

इस साल फेसबुक लाइव के माध्यम से ममता ने देश के आम लोगों को विजया दशमी की बधाई दी है। महज 47 सेकेंड के इस कार्यक्रम को एक लाख 7 हजार दर्शकों ने देखा। हाल में दक्षिणेश्वर के मंदिर में दर्शनार्थियों के आने-जाने की सुविधा के लिए ममता ने स्काइवाक चालू किया था। इसके फेसबुक लाइव में 5 लाख 3 हजार 400 दर्शक मौजूद थे। मालूम हो कि इसके साथ ही ममता ट्विटर पर भी सक्रिय रहती हैं और देश-दुनिया की तमाम घटनाओं से लेकर राज्य की परियोजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी देती रहती हैं। इस मामले में भी उन्होंने इस खेल के पुराने महारथियों को कड़ी टक्कर दे रखी है।

॥■॥ छठ पूजा के मौके पर सरकारी छुट्टी

राज्य सरकार ने छठ पूजा के मौके पर सरकारी कर्मचारियों के लिए दो दिनों की छुट्टी का एलान किया है। सोमवार को यहां जारी एक सरकारी अधिसूचना में कहा गया है कि मंगलवार को राज्य सरकार के तमाम दफ्तर व सार्वजनिक उपक्रम बंद रहेंगे। लेकिन जो सरकारी कर्मचारी पूजा में शामिल रहेंगे उनको बुधवार को एक दिन की अतिरिक्त छुट्टी मिलेगी।

ध्यान रहे कि इससे पहले बीते महीने दुर्गापूजा के मौके पर सप्तमी से लक्ष्मी पूजा तक तमाम सरकारी दफ्तर बंद रहे थे। उसके बाद कालीपूजा से लगातार छुट्टी के बाद सोमवार को ही सरकारी दफ्तर दोबार खुले थे।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News