--- संतोष यादव, सुलतानपुर।
राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष जानकी पाल ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्तमान सरकार की मंशानुसार महिला उत्पीड़न से सम्बन्धित शिकायतों का प्राथमिकता पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाय। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष आज लोक निर्माण विभाग सुलतानपुर के निरीक्षण भवन में महिला उत्पीड़न के सम्बन्ध में निस्तारित की गयी शिकायतों की समीक्षा की।
उपाध्यक्ष श्रीमती पाल ने समीक्षा में पाया कि एक जुलाई से 30 सितम्बर 2017 तक महिला उत्पीड़न से सम्बन्धित 101 प्रकरण प्राप्त हुये जिसमें से 71 प्रकरणों का सम्बन्धित अधिकारियों द्वारा निस्तारित किया गया। शेष प्रकरणों में 08 प्रकरण गैर जनपद के थे जो स्थानांतरित किया गया। उन्होंने शेष शिकायतों का अवलोकन कर सम्बन्धित अधिकारियों को हस्तगत कराते हुये ससमय गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु निर्देशित किया। उपाध्यक्ष ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के प्रथम बुधवार को प्रत्येक जनपद में महिला उत्पीड़न के सम्बन्ध में सुनवाई का दिन निर्धारित किया गया है। उन्होंने सभी सम्बन्धित को निर्देशित किया कि महिला उत्पीड़न की रोकथाम हेतु शासन गम्भीर है। इस सम्बन्ध में त्वरित कार्यवाही की जाय।
समीक्षा बैठक में क्षेत्राधिकारी लम्भुआ मुकेश उत्तम ने महिला उत्पीड़न के सम्बन्ध में प्राप्त एवं निस्तारित शिकायतों के बारे में जानकारी दी। बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी विनोद राय, समाज कल्याण अधिकारी आर• सी• दूबे, जिला सूचना अधिकारी आर• बी• सिंह, जिला विकलांग कल्याण अधिकारी, सहायक लेखाधिकारी माध्यमिक शिक्षा, सी•डी•पी•ओ•, महिला थानाध्यक्ष शमानाज सिद्दीकी व सम्बन्धित उपस्थित थे।