तृणमूल के डर से बदला रथयात्रा को शुरू करने का स्थान ?



---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 18 नवम्बर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

वीरभूम जिला तृणमूल कांग्रेस का गढ़ माना जाता है और दल के जिला अध्यक्ष अनूव्रत मंडल जिले के निर्विवाद और दबंग नेता के तौर पर प्रसिद्ध हैं। भाजपा की ओर से राज्य की सभी 42 लोकसभा सीटों में प्रचार अभियान चलाने के लिए तीन जगह से रथ यात्रा का एलान किया था। पहली रथ यात्रा 5 दिसंबर को तारापीठ से शुरू होने वाली थी। इसके जवाब में मंडल ने एलान किया था कि उसी दिन जिले भर में ढोल-मजीरों के साथ कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। लेकिन भाजपा ने अब एलान किया है कि तारापीठ से 5 दिसंबर को शुरू होने वाली रथ यात्रा 14 दिसंबर को शुरू होगी। भाजपा की ओर से तारीख बदलने के एलान के साथ ही मंडल ने भी अपने कीर्तन समारोह की तारीख बदल कर 14 दिसंबर कर दी है। हालांकि भाजपा की रथ यात्रा 7 दिसंबर से शुरू होगी और यह तारापीठ के बजाए कूचबिहार जिले से आरंभ होगी। ऐसे में राजनीतिक प्रेक्षकों की ओर से यह सवाल उठते दिख रहे हैं कि क्या भाजपा ने टकराव की आशंका को देखते हुए तारीख और रथ यात्रा शुरू करने की जगह में फेरबदल किया है ?

मालूम हो कि भाजपा के तीनों रथ को दल के अध्यक्ष अमित शाह रवाना करेंगे। तारीख और जगह बदलने के फैसले को भाजपा के रणनीतिकारों की सोच भी मानी जा रही है। राज्य के एक नेता ने बातचीत के दौरान पत्रकारों के सामने माना कि वीरभूम जिला तृणमूल कांग्रेस का गढ़ रहा है। पंचायत चुनाव में मंडल ने विरोधियों का सूपड़ा साफ कर दिया था। ऐसे में यहां से रथयात्रा शुरू करने को लेकर अभी से तनाव का माहौल दिख रहा है। मंडल भी टकराव के मूड में हैं। ऐसे में रथ यात्रा के शुरू में ही किसी तरह की हिंसा के कारण जहां शाह के सामने प्रदेश नेतृत्व की किरकिरी होती, वहीं राज्य सरकार को भी रथ यात्रा पर पाबंदी लगाने का बहाना मिल सकता था। इस तरह राज्य के सभी लोकसभा केंद्रों का प्रचार अभियान नाकाम हो सकता था। इस तरह की सारी बातों पर गौर करने के बाद ही किसी तरह का जोखिम लेने के बजाए दल ने बीच का रास्ता अपनाया है। दल का मानना है कि कूचबिहार में संगठन तुलनात्मक तौर पर मजबूत है और किसी तरह की समस्या नहीं होगी।

भाजपा की ओर से तारीख बदले जाने पर मंडल का कहना है कि मैने 4 हजार ढोल और 8 हजार मजीरे बांटने थे लेकिन अब मुझे भी तारीख को बदलना पड़ेगा। मालूम हो कि तृणमूल की ओर से भाजपा के रथ यात्रा के जवाब में उसी रास्तों पर रथ यात्रा के बाद रास्तों को शुद्ध करने के लिए पवित्र यात्रा निकालने का एलान किया गया है।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News