---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 18 नवम्बर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
तृणमूल कांग्रेस की ओर से त्रिपुरा की दो लोकसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया गया है। तृणमूल नेत्री ममता बनर्जी ने फिरहाद हाकिम को पर्यवेक्षक नियुक्त करके चुनावी तैयारियों के लिए दिसंबर से ही कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देने के लिए कहा है। त्रिपुरा में हर महीने राज्य की दो लोकसभा सीटों पर दल के सांसद सुनील मंडल प्रशिक्षण देंगे।
मालूम हो कि शुक्रवार 16 नवम्बर को नेताजी इंडोर स्टेडियम में तृणमूल की वर्धित महासभा में त्रिपुरा प्रदेश तृणमूल अध्यक्ष आशिषलाल सिन्हा समेत कई नेता उपस्थित हुए थे। त्रिपुरा राज्य कमेटी की ओर से एक उपजाति के कार्यकर्ता की ओर से बनाई गई लकड़ी की मूर्ति उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भेंट की थी। इस मौके पर ममता ने राज्य में संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। इसके बाद राज्य सचिवालय में नगर विकास मंत्री फिरहाद हाकिम के साथ त्रिपुरा के नेताओं ने बैठक की। तय हुआ कि दिसंबर में हाकिम पूर्व पर्यवेक्षक और विधाननगर के मेयर सब्यसाची चक्रवर्ती को लेकर त्रिपुरा जाएंगे। मंडल अगले कई महीने तक त्रिपुरा के सभी जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देंगे।
आशिषलाल सिन्हा ने आरोप लगाया है कि बीते नौ महीने में राज्य में विकास के नाम पर कुछ नहीं हुआ है। भाजपा सरकार के आने के कारण लोगों की समस्याएं और बढ़ गई हैं। ऐसी हालत में भाजपा की ओर से विरोधियों पर हमले किए जा रहे हैं। लेकिन सीमित शक्ति के बावजूद भी हम लोगों ने मैदान नहीं छोड़ा है। कांग्रेस और माकपा वहां कमजोर हो चुकी है और आगामी लोकसभा चुनाव में हम अकेले ही चुनाव लड़ेंगे।