--- संतोष यादव, सुलतानपुर।
☆ सुलतानपुर, आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता व पूर्व सपा विधायक समेत छः लोगों के खिलाफ एसीजेएम चतुर्थ की अदालत से गैरजमानतीय वारंट जारी किया गया है। न्यायाधीश मनीष निगम की अदालत ने मामले मे सुनवाई के लिए आगामी 07 नवम्बर की तिथि नियत की है।
मालूम हो कि 19 जून 2001 को पूर्व सपा विधायक अनूप संडा, मौजूदा आप राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय सिंह इनके समर्थक विजय कुमार, सुभाष चौधरी, कमल श्रीवास्तव, प्रेमचंद्र श्रीवास्तव व 30-35 अज्ञात समर्थकों ने ओवर ब्रिज के पास बिजली पानी आदि की समस्या को लेकर प्रदर्शन किया। आरोप के मुताबिक इस दौरान इन्होंने जमकर बवाल किया एवं अधिकारियों के साथ बदसलूकी भी की। इस सम्बंध में तत्कालीन उपनिरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने आरोपियों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कराया जिसमें विवेचना के पश्चात आरोप पत्र भी दाखिल हुआ। इसी मामले में कई पेशियों से गैर हाजिर चल रहे पूर्व विधायक अनूप संडा, मौजूदा आप राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय सिंह, सुभाष चौधरी, विजय कुमार, कमल श्रीवास्तव, प्रेमचंद्र श्रीवास्तव के खिलाफ गैर जमानतीय वारंट जारी कर एसीजेएम चतुर्थ की अदालत ने आगामी 07 नवम्बर की तिथि नियत की है।
☆ सुलतानपुर। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं. रामचंद्र मिश्र के निधन व सड़क हादसे में हुए अधिवक्ता राजकमल तिवारी की मृत्यु पर अधिवक्ता संघ ने गहरा शोक जताया है। मालूम हो की कादीपुर के पड़ेला निवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं. रामचंद्र मिश्र की बीते शुक्रवार को हृदयगति रूक जाने से अचानक निधन हो गया। जिनके निधन की सूचना पाने पर श्रद्धांजलि देने वालों का ताता लगा रहा। वहीं सड़क हादसे में बार एसोसिएशन अमेठी के अधिवक्ता राजकमल तिवारी की शुक्रवार को सड़क हादसे में मौत हो गयी। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व अधिवक्ता के निधन की सूचना पर अधिवक्ताओ में शोक की लहर दौड़ गयी। जिसके मद्देनजर शनिवार को दीवानी स्थित अधिवक्ता सभागार में शोक सभा का आयोजन किया गया। अधिवक्ताओं ने दो मिनट का मौन रख कर उनकी आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान बार अध्यक्ष नरेन्द्र बहादुर सिंह, महासचिव बद्रीप्रसाद पांडेय, आर्तमणि मिश्र, गिरीश मिश्र, जयंत मिश्र, अरूण पांडेय, बेलाल अहमद आदि मौजूद रहे।
☆ सुलतानपुर। डकैती व हत्या एवं दहेज हत्या के मामलो में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। जिनकी रिमांड स्वीकृत कर प्रभारी सीजेएम प्रभानाथ त्रिपाठी ने उन्हे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया है।
पहला मामला गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के अत्तानगर गांव का है। जहां के रहने वाली उमा देवी के घर पर बीते 29 अगस्त की रात को डकैतों ने धावा बोल दिया। इस दौरान डकैतों ने जमकर लूटपाट की। विरोध करने पर चौकीदार मुसई व वादिनी के जेठ मेवालाल व संतोष पर हमला कर गम्भीर चोटे पहुंचायी। गम्भीर चोटों की वजह से मेवालाल की मौत हो गयी। इसी मामले में प्रकाश में आए आरोपी अंसार उर्फ चितऊ निवासी भैसना थाना सांगीपुर प्रतापगढ़ को लूटे गए कुछ जेवरातो की बरामदगी कर सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। जिसकी रिमांड स्वीकृत कर अदालत ने न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश दिया। दूसरा मामला कूरेभार थाना क्षेत्र के पूरे पल्टन तिवारी शिवनगर से जुड़ा है। जहां के रहने वाले रोहित शर्मा के साथ वादी श्रीराम ने अपनी पुत्री संध्या शर्मा का विवाह सम्पन्न कराया था। आरोप के मुताबिक दहेज की मांग न पूरी होने पर बीते 03 अक्टूबर को ससुराली जनों ने संध्या को मार डाला। इस मामले में आरोपी पति रोहित शर्मा, ससुर मेनबहादुर शर्मा, सास राधिका को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया।जिनकी रिमांड स्वीकृत कर अदालत ने उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया है।