बंगाल : खबरें विशेष



---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 30 जनवरी 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

॥●॥ शाह की सभा के बाद हुए हंगामे में 11 गिरफ्तार, दोनों दलों ने एक दूसरे को बताया दोषी

अमित शाह की सभा के बाद कांथी में हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। तृणमूल कांग्रेस की ओर से आरोप लगाया गया है कि भाजपा ने हिंसा की शुरुआत की, भाजपा का कहना है कि चुनाव आयुक्त को इस बारे में सूचित किया जाएगा। शाह की सभा के बाद कांथी में तनाव फैल गया, आरोप है कि भाजपा समर्थकों ने तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय में आग लगा दी, कई वाहनों में आग लगा दी। कांथी थाना पुलिस और कमबैट फोर्स ने हालात को नियंत्रित किया और बताया जाता है कि अब वहां स्थिति नियंत्रण में है।

राज्य के मंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया है कि तृणमूल कार्यकर्ताओं पर भाजपा समर्थकों ने ईंट, बांस, लाठी लेकर हमला किया। इसका नतीजा भाजपा को भुगतना होगा।

आरोप है कि सरकारी बसों को क्षतिग्रस्त करने के साथ ही चांदबेड़िया, दूरमूथसमेत कांथी शहर में भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस के तीन पार्टी कार्यालयों पर हमला किया। आरोप है कि भाजपा समर्थकों ने भारी संख्या में इकट्ठा होकर हमला किया।

तृणमूल कांग्रेस के जिला अध्यक्ष शिशिर अधिकारी ने कहा कि इलाके में अशांति फैलाने के लिए भाजपा ने योजनाबद्ध तरीके से हिंसा की है। हमारे पार्टी कार्यालयों में आग लगाने के साथ ही बसों में तोड़फोड़ की गई। हिंसा फैलाने वालों का तृणमूल विरोध करेगा। शाह की सभा के बारे में उन्होंने कहा कि वह भाजपा की कोई सभा नहीं थी, दरअसल वे ममता बनर्जी की ब्रिगेड देख कर भयभीत हो गए हैं। राज्य के लोग तृणमूल के साथ हैं, विधानसभा में लोगों ने बता दिया है। हिंसा फैला कर लोगों को आतंकित करने का भाजपा का प्रयास सफल नहीं होगा क्योंकि लोग हमारे साथ हैं।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि कांथी में हुई हिंसा के बारे में हम चुनाव आयुक्त को सूचित कर रहे हैं। बंगाल की वास्तविक स्थिति की हम जानकारी देंगे। उन्होंने दावा किया कि अभी तक उनके कई कार्यकर्ता रैली के बाद घर नहीं लौटे हैं। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब देव ने इस मौके पर कहा कि कानून व्यवस्था राज्य की जिम्मेवारी है और दूसरों पर दोषारोपण करके मुख्यमंत्री बच नहीं सकती हैं। सूत्रों के मुताबिक गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री को फोन करके घटना की जानकारी ली, तब मुख्यमंत्री ने कहा था कि यह सब भाजपा के नेता और कार्यकर्ता कर रहे हैं, आप उन्हें संयत रहने के लिए कहिए। भाजपा के नेता और कार्यकर्ता यहां अशांति फैला रहे हैं।

इधर, पुलिस का कहना है कि कांथी में हुई घटना की जांच की जा रही है। इस बारे में अभी तक कुल मिलाकर 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में गवाहों से पूछताछ करने के साथ ही टीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।


॥●॥ प्रधानमंत्री साबित करते दिखाएं कि पेंटिंग बेच कर पैसा लिया : ममता

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ललकारते हुए कहा है कि अगर उनमें हिम्मत है तो साबित करके दिखाएं कि उन्होंने पेंटिंग की बिक्री करके पैसे लिये हैं। तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की टिप्पणी के जवाब में यह कहा है। शाह ने एक रैली में कहा था कि चिटफंड के मालिकों ने करोड़ों रुपए में ममता की पेंटिंग खरीदी हैं।

बीरभूम जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा नेताओं में कोई शिष्टाचार नहीं है और उनका दल इस तरह के आधारहीन आरोपों के मामले में मानहानी का केस कर रहा है। पेटिंग बिक्री करके करोड़ों रुपए लेने के आरोप के जवाब में जोरदार हमला बोलते हुए ममता ने कहा कि मोदी बाबू, मैं आपको चैलेंज देती हूं कि यह साबित करके दिखाएं कि एक पैसा भी मेरे बैंक खाते में जमा हुआ हो। आप बर्बर की तरह बातें कर रहे हैं और कोई शिष्टाचार नहीं है।


॥●॥ अमित शाह को मानहानि नोटिस

तृणमूल कांग्रेस की वरिष्ठ नेता चंद्रिमा भट्टाचार्य ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ मानहानि नोटिस जारी किया। राज्य की मुख्यमंत्री के खिलाफ दिए गए बयान को लेकर शाह को नोटिस जारी किया गया है। पश्चिम बंगाल सरकार में स्वास्थ्य मंत्री भट्टाचार्य ने शाह पर तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख की छवि झूठ बोलकर खराब करने की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा- मैंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को ममता बनर्जी के खिलाफ अपमानजनक और दुर्भावनापूर्ण बयान देने के लिए नोटिस जारी किया है।


॥●॥ 43वां कोलकाता अंतरराष्ट्रीय पुस्तक मेला

जोश व उत्साह के साथ वृहस्पतिवार से कोलकाता अंतरराष्ट्रीय पुस्तक मेला-2019 शुरू हो जाएगा। सेंट्रल पार्क ग्राउंड में आयोजित इस मेले का मुख्यमंत्री ममता बनर्जी उद्घाटन करेंगी। पुस्तक मेले में इस साल लगभग छह सौ स्टॉल और दो सौ लघु पत्रिका के स्टॉल लगेंगे। स्टॉल बनाने का काम अंतिम चरण में है। राज्य सहित देश-विदेश से आने वाले सभी प्रतिनिधि इसमें शामिल होंगे। पब्लिशर्स एंड बुक सेलर्स गिल्ड के सचिव त्रिदीब चटर्जी ने सेंट्रल पार्क मेला प्रांगण में यह बातें कहीं। त्रिदीब ने बताया कि पुस्तक मेले में हर साल एक भारतीय अनुसूचित जनजाति के साहित्य और संस्कृति को विशेष प्राधान्य दिया जाता है। इस वर्ष लेप्चा जनजाति को विशेष प्राधान्य मिला है। 43वें कोलकाता अंतरराष्ट्रीय पुस्तक मेले में ग्वाटेमाला थीम देश है। उद्घाटन समारोह का आयोजन ग्वाटेमाला प्रो यूडा मोरालेस के राजदूत की उपस्थिति में किया जाएगा।

पुस्तक मेला का उद्घाटन 31 जनवरी 2019 को शाम चार बजे होगा। इसके बाद एक फरवरी को ग्वाटेमाला दिवस कार्यक्रम, दो फरवरी को लेप्चा दिवस, सात-आठ-नौ फरवरी को कोलकाता साहित्य महोत्सव, दस फरवरी को बांग्लादेश दिवस, 11 फरवरी को समापन दिवस मनाया जाएगा।

पुस्तक मेला प्रांगण में प्रवेश के लिए नौ द्वार बनाए गए हैं। आगंतुकों के आवागमन के लिए नौ प्रवेश और निकास द्वार होंगे। इसके साथ ही राज्य सरकार की ओर से हावड़ा रेलवे स्टेशन, सियालदह रेलवे स्टेशन, उल्टाडांगा, गरिया, बेहला और श्यामबाजार से अतिरिक्त 190 शटल बस सेवा शुरू की जाएगी।

मुख्य रूप से अंग्रेजी प्रकाशनों को प्रदर्शित करने वाले तीन हॉलों का नाम निरेंद्रनाथ चक्रवर्ती, दिब्येंदु पालित और अतिन बंद्योपाध्याय के नाम पर रखा गया है। छोटी पत्रिका मंडप का नाम पिनाकी ठाकुर के नाम पर रखा गया है।

पुस्तक मेला के लिए एंडरॉयड एंड आईओएस मोबाईल एप जल्द ही लॉन्च किए जाएंगे। मेले में पूरी दुनिया से भाग लेने वाले 20 देशों में रूस, कोस्टारिका, स्पेन, स्कॉटलैंड, आस्ट्रेलिया, ग्वाटेमाला, अर्जेंटीना और बांग्लादेश के लेखक, भारतीय समकक्षों के साथ, अलग-अलग परिचर्चा व विशेष सत्र में अपना व्याख्यान रखेंगे।

मेले में महात्मा गांधी की 150वीं जयंती वर्ष पर विशेष गांधी स्टाल लगाया जाएगा। इस स्टॉल में गांधीजी के मूल पत्रों की फोटोकॉपी, राष्ट्रीय नेताओं द्वारा लिखे गए वक्तव्य, गांधी पर कुछ दुर्लभ पुस्तकें जैसे यंग इंडिया, हरिजन और गांधी स्मारक संगठन, बैरकपुर के कई प्रकाशनों का प्रदर्शन होगा।

पुस्तक मेले में हर दिन एक दैनिक लॉटरी ड्रॉ सीईएससी की ओर से आयोजित की जाएगी। भाग्यशाली विजेताओं को दस हजार रुपए की किताबें उपहार में दी जाएगी।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News