---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता/मोहाली, 21 फरवरी 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
आगामी 26 फरवरी को यूनाइटेड इंडिया की पंजाब रैली का आयोजन किया जा रहा है। कोलकाता और दिल्ली के बाद लोकसभा चुनाव के पहले भाजपा हटाओ-देश बचाओ के नारे को लेकर यूनाइटेड फ्रंट की तीसरी रैली पंजाब में की जा रही है।
सूत्रों ने बताया कि पहली रैली मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ब्रिगेड परेड मैदान में 19 जनवरी को की थीं, जिसमें देश के सभी विरोधी राजनीतिक दल के नेताओं के साथ भाजपा के सांसद शत्रुध्न सिन्हा, यशवंत सिन्हा जैसे लोग भी शामिल हुए थे। इसके बाद दूसरी रैली का आयोजन आम आदमी पार्टी की ओर से दिल्ली में किया गया जिसमें मनमोहन सिंह, राहुल गांधी समेत सभी विरोधी दल के नेता व माकपा के सीताराम येचुरी भी शामिल हुए थे। तीसरी रैली का आयोजन कांग्रेस की ओर से पंजाब में किया जा रहा है। मोहाली में होने वाली रैली में सभी विरोधी दल के नेता शामिल होंगे।
सूत्रों का कहना है कि कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस की ओर से 25 फरवरी को महानगर में बैठक का आयोजन किया गया है, इसके मद्देनजर ही मोहाली की रैली की तारीख तय की गई है। मालूम हो कि दिल्ली की सभा में भी ममता के भाषण की भारी चर्चा हुई थी। पुलवामा में हुए हमले के बाद विरोधी दलों की पहली रैली पर मीडिया की नजरें लगी हुई हैं।