पांच साल पहले का रिकार्ड बरकरार रख सकेगी तृणमूल ?



---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 12 मार्च 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

तृणमूल कांग्रेस की ओर से लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों का एलान कर दिया गया है। इस बार पहले चरण के तहत 11 अप्रैल को कूचबिहार और अलीपुरदुआर में मतदान होगा। अलीपुरदुआर से दशरथ तिरके 30.1 फीस वोट हासिल कर जीत गए थे, इस बार भी वहीं से किस्मत आजमा रहे हैं। जबकि कूचबिहार से रेणुका सिन्हा की बजाए इस बार परेश चंद्र अधिकारी उम्मीदवार हैं।

दूसरे चरण के तहत 18 अप्रैल को जलपाईगुड़ी से तृणमूल कांग्रेस के विजय चंद्र बर्मन 38.5 फीसद वोट लेकर विजयी रहे थे। इस बार भी उन्हें ही टिकट मिला है। दार्जीलिंग से गोरखा जनमुक्ति मोर्चा उम्मीदवार उम्मीदवार बनाए गए हैं। पिछली बार भाजपा के एस• एस• आहलूवालिया ने यह सीट 43.4 फीसद वोट हासिल करके जीती थी। रायगंज से तृणमूल उम्मीदवार कन्हैयालाल अग्रवाल माकपा के मोहम्मद सलीम से मुकाबला करेंगे। पिछली बार यह सीट सलीम ने 28.9 फीसद वोट हासिल करके जीती थी।

तीसरे चरण के तहत 23 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए तृणमूल कांग्रेस ने बालुरघाट से अर्पिता घोष, मालदा उत्तर से मौसम नूर, मालदा दक्षिण से डाक्टर मोआज्जम हुसैन, मुर्शिदाबाद से अबू ताहिर और जंगीपुर से खलीलुर रहमान को टिकट दिया है। इसमें महज बालुरघाट की सीट तृणमूल की अर्पिता ने जीती थी, जबकि मुर्शिदाबाद में माकपा और बाकी तीन सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवार विजयी रहे थे।

चौथे चरण के तहत 29 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए बहरमपुर से तृणमूल कांग्रेस की ओर से अपूर्व सरकार, कृष्णनगर से महुआ मैत्र, रानाघाट से रुपाली विश्वास को टिकट दिया है। पूर्व बर्दमान, बर्दमान-दुर्गापूर, आसनसोल, बोलपुर, बीरभूम में मतदान होगा। यहां बहरमपुर में अधीर चौधरी कांग्रेस और आसनसोल से भाजपा के बाबुल सुप्रीय विजयी रहे थे। बाकी सभी सीटों पर तृणमूल ने जीत हासिल की थी।

पांचवे चरण के तहत 6 मई को बनगांव, बैरकपुर, हावड़ा, उलबेड़िया, श्रीरामपुर, आरामबाग और हुगली में मतदान होगा। यह सारी सीटें 2014 में तृणमूल ने जीती थी। इस बार भी बैरकपुर से दिनेश त्रिवेदी, हावड़ा से प्रसून बनर्जी, उलबेड़िया से साजदा अहमद, श्रीरामपुर से कल्याण बनर्जी, आरामबाग से अपरुपा पोद्दार, हुगली से रत्ना दे नाग को ही टिकट दिया गया है। सिर्फ बनगांव में ममता बाला ठाकुर नई उम्मीदवार हैं।

छठवें चरण के तहत 12 मई को तमलुक, कांथी, घाटाल, झारग्राम, मेदिनीपुर, पुरूलिया, बांकुड़ा, विष्णुपुर में मतदान होगा, पांच साल पहले यह सारी सीटें तृणमूल ने हासिल की थी। यहां मेदिनीपुर में संध्या राय के बजाए मानस भूइयां को टिकट दिया गया है। जबकि देव इस बार भी घाटाल से उम्मीदवार हैं।
सातवें चरण के तहत 19 मई को दमदम, बारासात, बशीरहाट, जयनगर, मथुरापुर, डायमंडहार्बर, यादवपुर, कोलकाता दक्षिण और कोलकाता उत्तर में चुनाव होगा। अंतिम चरण में नौ सीटों पर 2014 में तृणमूल ने जीत हासिल की थी। इसमें बशीरहाट से नुशरत जहां, यादवपुर से मिमी चक्रवर्ती ,कोलकाता दक्षिण से माला राय नए उम्मीदवार हैं। जबकि बाकी सीटों पर पुराने उम्मीदवार ही हैं।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News