बंगाल : खबरें समूह में



---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 22 मार्च 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

॥■॥ भाजपा की पहली सूची में नेता और दलबदलू शामिल

पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनावों के लिए अपने 28 उम्मीदवारों की पहली सूची में 25 नए चेहरे शामिल हैं। लेकिन तृणमूल कांग्रेस के उलट पार्टी ने अपने नेताओं और तृणमूल कांग्रेस से आने वालों पर ही भरोसा जताया है। तृणमूल की सूची में 18 नए चेहरे शामिल थे और उनमें नेता से लेकर अभिनेता तक शामिल थे।

भाजपा की सूची में चार महिलाएं और एक अल्पसंख्यक उम्मीदवार शामिल हैं। उम्मीदवारों में से पांच हाल में तृणमूल कांग्रेस से नाता तोड़ कर भाजपा में आए थे जबकि एक विधायक माकपा से आया था। पार्टी ने आसनसोल सीट पर एक बार फिर केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो को ही उम्मीदवार बनाया है। यहां उनका मुकाबला अबकी तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार और अभिनेत्री मुनमन सेन से होगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष मेदिनीपुर संसदीय सीट पर तृणमूल कांग्रेस के मानस भुंइया के खिलाफ मैदान में उतरेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राहुल सिन्हा कोलकाता उत्तर लोकसभा सीट पर तृणमूल के सुदीप बनर्जी के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। इसी तरह नेताजी के प्रपौत्र व प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष चंद्र कुमार बोस कोलकाता दक्षिण सीट पर अपनी किस्मत आजमाएंगे।

कभी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की करीबी रहीं पूर्व आईपीएस अधिकारी भारती घोष मेदिनीपुर जिले की घाटाल संसदीय सीट पर तृणमूल के निवर्तमान सांसद व अभिनेता दीपक अधिकारी उर्फ देब के खिलाफ मैदान में उतरेंगी। भाजपा ने बैरकपुर सीट पर तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक अर्जुन सिंह को टिकट दिया है। हाल में भाजपा में शामिल होने वाले सिंह का मुकाबला उस सीट पर तृणमूल उम्मीदवार दिनेश त्रिवेदी से होगा। उत्तर बंगाल की कूचबिहार सीट पर पार्टी ने तृणमूल कांग्रेस के पूर्व युवा नेता निशीथ प्रामाणिक को मैदान में उतारा है जबकि जादवपुर सीट पर तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार व अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती के मुकाबले पार्टी ने तृणणूल के निष्कासित सांसद अनुपम हाजरा को टिकट दिया है।

बीती जनवरी में भाजपा का दामन थामने वाले तृणमूल कांग्रेस के एक अन्य पूर्व सांसद सौमित्र खां को विष्णुपुर संसदीय सीट से टिकट मिला है। हाल में भाजपा में शामिल होने वाले पूर्व माकपा विधायक खगेन मुर्मू मालदा उत्तर सीट से तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार मौसम नूर के खिलाफ मैदन में उतरेंगे। मौसम नूर हाल में कांग्रेस से तृणणूल में शामिल हुई थी।


॥■॥ कूचबिहार में भाजपा उम्मीदवार को लेकर विरोध प्रदर्शन

भाजपा ने 28 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है, जिसमें कूचबिहार में उम्मीदवार को लेकर पार्टी के अंदर रोष व्याप्त है। यहां से तृणमूल के बहिष्कृत युवा नेता निशीथ प्रमाणिक को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है। इसकी घोषणा के बाद भाजपा की जिला इकाई ने आपत्ति दर्ज कराई है। जिला नेतृत्व ने बैठक की, जिसमें केंद्रीय समिति के सदस्य भी शामिल थे। शुक्रवार को बताया गया कि यहां से जिला नेतृत्व अलग से दीपन बर्मन को उतार सकता है।

शुक्रवार सुबह से ही भारतीय जनता युवा मोर्चा के सदस्यों ने जिला मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि तृणमूल से बहिष्कृत नेता को पार्टी ने लोकसभा का उम्मीदवार बनाया है। इससे न सिर्फ भाजपा के कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटेगा, बल्कि पार्टी की हार भी सुनिश्चित होगी।


॥■॥ प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष ने दिया इस्तीफा

प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष राजकमल पाठक ने टिकट न मिलने से नाराज होकर अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष को भेज दिया है। इसमें टिकट बंटवारे में योग्य उम्मीदवारों को दरकिनार करने का आरोप लगाया गया है। कहा जाता है कि वह हुगली लोकसभा सीट से टिकट के दावेदार थे। यहां से प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष लॉकेट चटर्जी को टिकट दिया गया है। पाठक ने कहा है कि वह 28 साल से भाजपा में हैं। हर बार उनका टिकट काटा गया। 2014 में उनकी जगह चंदन मित्र को उम्मीदवार बना दिया गया। बाद में चंदन मित्र ने तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया। वह हुगली या श्रीरामपुर से चुनाव लड़ना चाहता थे, लेकिन दोनों जगह से उनसे जूनियर को टिकट दे दिया गया। ऐसे में उपाध्यक्ष बने रहने का कोई फायदा नहीं था।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News