कोलकाता : विद्यासागर की मूर्ति तोड़ने का आरोप !



कोलकाता, 15 मई 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के रोड शो के दौरान मचे बवाल के बाद विवाद बढ़ता जा रहा है। रोड शो में हिंसा के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी पर समाज सुधारक ईश्वर चन्द्र विद्यासागर की मूर्ति तोड़ने का आरोप लगाया है। इस मामले के तूल पकड़ते ही ममता बनर्जी ने अपने ट्विटर की डीपी में विद्यासागर की फोटो लगा ली है। मुख्यमंत्री ने विद्यासागर की मूर्ति तोड़े जाने के खिलाफ गुरूवार को एक विरोध रैली की घोषणा भी की है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग इतने असभ्य हैं कि उन्होंने विद्यासागर की प्रतिमा तोड़ दी। वे सभी बाहरी लोग हैं। भाजपा मतदान वाले दिन के लिए उन्हें लाई है। मुख्यमंत्री ने अमित शाह को ‘गुंडा’ बताया। विद्यासागर की प्रतिमा गिराने के मुद्दे पर तृणमूल कांग्रेस ने चुनाव आयोग से मुलाकात का समय मांगा है।

विद्यासागर कॉलेज के प्रधानाचार्य गौतम कुंडु ने कहा है कि भाजपा समर्थक पार्टी का झंडा लिए हमारे दफ्तर के अंदर घुस आए। हमारे साथ बदसलूकी करने लगे। उन्होंने कागज फाड़े, कार्यालय व संघ के कक्षों में तोड़फोड़ की और जाते वक्त विद्यासागर की आदम कद प्रतिमा तोड़ दी। उन्होंने दरवाजे बंद कर दिये और मोटरसाइकलों को आग के हवाले कर दिया।

● टीएमसी ने तोड़ी ईश्वरचंद्र विद्यासागर की मूर्ति : अमित शाह

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने रोड शो में पत्थरबाजी और झड़प के मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। शाह ने खुद पर हमले और ईश्वर चंद्र विद्यासागर की मूर्ति तोड़ने का आरोप तृणमूल कांग्रेस पर लगाया है। उन्होंने कहा कि छह चरण के चुनाव हो चुके हैं, बंगाल को छोड़कर कहीं हिंसा नहीं हुई। हिंसा का आरोप तृणमूल कांग्रेस भारतीय जनता पार्टी पर लगा रही है लेकिन हिंसा सिर्फ बंगाल में हो रही है। भाजपा पूरे देश में चुनाव लड़ रही है। रोड शो से तीन घंटे पहले हमारे बैनर पोस्टर हटा दिए गए, पीएम के पोस्टर फाड़े गए, पुलिस मूक दर्शक बनी रही। रोड शो में कम से दो-ढाई लाख लोग आए थे, कहीं एक इंच जगह नहीं थी। रोड शो के दौरन तीन बार हमले किए गए, पत्थर, केरोसिन बम फेंके गए, आगजनी हुई।

अमित शाह ने सवाल किया कि परिसर का गेट टूटा नहीं, भाजपा कार्यकर्ता बाहर थे। अंदर तृणमूल कार्यकर्ता थे तो मूर्ति किसने तोड़ी। यह मूर्ति कमरे के अंदर थी, कॉलेज बंद हो चुका था। यह कमरा किसने खोला, ताला किसने खोली? ताला टूटा नहीं है? मूर्ति किसने तोड़ी? उन्हाेंने कहा कि 6 चरण के चुनाव हो चुके हैं, तृणमूल कांग्रेस हार रही है, पंचायत चुनाव में भी 7 राजनीतिक कार्यकर्ताओं की हत्या हुई। हार सामने दिख रही है, इसलिए तृणमूल ऐसा कर रही है। चुनाव आयोग मूक पर्यवेक्षक बना हुआ है। चुनाव आयोग तुरंत हस्तक्षेप करे, बंगाल में हिस्ट्री शीटरों की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई?

उन्हाेंने कहा कि ममता बनर्जी ने दो दिन पहले ही बदला लेने की धमकी दी थी। ममता यदि सोचती हैं कि हिंसा का कीचड़ फैलाकर जीत जाएंगी, आप मुझसे उम्र में बड़ी ज्यादा हो लेकिन अनुभव मुझे ज्यादा है। हिंसा का कीचड़ जितना फैलाओगी, कमल खिलेगा। अभी मुझे जानकारी मिली है कि मुझ पर एफआईआर हुई है, दीदी मैं आपके एफआईआर से डरता नहीं हूं। मुझ पर तो एफआईआर हुई है, कई कार्यकर्ताओं की तो हत्या कर दी गई है।

● अमित शाह के खिलाफ कोलकाता पुलिस ने 2 एफआईआर दर्ज की

अमित शाह के रोड शो के दौरान तृणमूल और भाजपा समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हुई। भाजपा का कहना है कि इस हिंसा में पार्टी के 100 से ज्यादा कार्यकर्ता घायल हुए हैं। रोड शो के दौरान तृणमूल की छात्र ईकाई ने यह हमला करवाया है।

बुधवार को कोलकाता पुलिस ने अमित शाह के खिलाफ 2 एफआईआर दर्ज की है। जोड़ासांको और एमहर्स्ट स्ट्रीट थाने में यह एफआईआर दर्ज की गई है। ऐसा बताया जा रहा है कि यह दोनों एफाआईआर तृणमूल कांग्रेस की छात्र ईकाई की शिकायत पर दर्ज की गई है।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
राष्ट्रीय विशेष
  India Inside News