हावड़ा, 13 जून 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
गंगा समग्र व सेठ बंशीधर जालान स्मृति मंदिर (बंगेश्वर महादेव मंदिर) प्रबंधन की ओर से बुधवार को गंगा दशहरा के पावन अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर उपस्थित लोगों ने गंगा आरती कर हर्षोल्लास के साथ गंगा दशहरा मनाया।
कार्यक्रम में बतौर अतिथि उपस्थित रहे शिक्षक व साहित्य मनीषी के• के• तिवारी ने गंगा भक्तों को संबोधित करते हुए गंगा की महत्ता व मोल पर अपनी बातें रखीं। उन्होंने कहा कि ‘गंगा तव दर्शनात मुक्ति’ अर्थात गंगा के दर्शन मात्र से ही मोक्ष की प्राप्ति होती है। गंगा कलियुग का प्रधान तीर्थ है। इसलिए हमें गंगा के प्रति जागरूक होने के साथ ही अन्य लोगों को भी जागरूक करने की जरूरत है।
वहीं इंडियन फैडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स के प्रदेश अध्यक्ष डॉ• आनंद पांडेय ने कहा कि गंगा को त्रिपथगा भी कहा जाता है। त्रिपथगा यानी तीन रास्तों की ओर जाने वाली। ये शिव की जटाओं से धरती, आकाश और पाताल की तरफ गमन करती हैं। इस दौरान उन्होंने गंगा के कई नामों का जिक्र करते हुए कहा कि पतित पावनी गंगा के कई नाम है कोई जाह्नवी, त्रिपथगा, दुर्गा, मंदाकिनी, भागीरथी, हुगली, शिवाया, मुख्या, पंडिता, उत्तर वाहिनी तो कोई देव नदी के नाम से जानता है।
कार्यक्रम के संयोजक व गंगा समग्र के प्रांत पदाधिकारी बृज उपाध्याय ने कहा कि ज्येष्ठ शुक्ल दशमी के दिन राजा भगीरथ गंगा को धरती पर लाए थे। इस दिन गंगा धरती पर अवतरित हुईं थीं। इस विशेष दिवस को गंगा दशहरा के रूप में मनाया जाता है, जिसे हम गंगावतरण के नाम से भी जानते हैं। हर साल संगठन की ओर से इस विशेष पावन तिथि पर हम गंगा दशहरा मना लोगों में गंगा के प्रति जागरूकता फैलाने की कोशिश करते हैं। शास्त्रों में कहा गया है कि भगवान विष्णु के चरणों से निकली और शिव की जटाओं में लिपटी गंगा के जल में डुबकी लगाने से मनुष्य को विष्णु और शिव का आशीर्वाद एक साथ प्राप्त होता है। लेकिन वर्तमान में गंगा को निर्मल बनाने की कोशिश की जा रही है क्योंकि हम लोगों ने ही गंगा को दूषित करने का काम किया है।
इस मौके पर सहयोगी संस्था हावड़ा नवज्योति के छात्रों द्वारा रंगारंग भक्तिमय नृत्य नाट्य की प्रस्तुति दी गई। वहीं कार्यक्रम में उमेश राय, प्रभात मिश्रा, उमेश वर्मा, शंकर गुप्ता, पुतुल श्रीवास्तव, प्रमोद गुप्ता, संजय गोयल, शेख मैनुद्दीन, पीयूष प्रसाद, उदयराज खरवार, अरविंद मिश्र, संजीत सिंह, विनय जायसवाल, कृष्णा शर्मा समेत भारी संख्या छात्र-छात्राएं व शिक्षक उपस्थित दिखे।