नई दिल्ली/कोलकाता, 23 जून 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
● कैलाश विजयवर्गीय ने ममता बनर्जी को याद दिलाई डॉ• मुखर्जी की विचारधारा
डॉ• श्यामा प्रसाद मुखर्जी पुण्यतिथि पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। जिसपर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि डॉ• श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि मनाने के लिए मैं उनका शुक्रिया अदा करता हूँ लेकिन किसी की पुण्यतिथि को मनाना और उनके विचारों को जीवन में उतारना दोनों अलग चीजें हैं। ममता बनर्जी श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रही हैं लेकिन उन्हें उनके विचारों को भी अपनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा का दौर चल रहा है उसे ममता बनर्जी को रोकना चाहिए। श्री विजयवर्गीय ने कहा कि जिस तरह से पश्चिम बंगाल में बदले की राजनीति हो रही है, भाजपा के कार्यकर्ताओं को मारा जा रहा है, वह कतई श्यामा प्रसाद मुखर्जी की विचारधारा नहीं थी। श्यामा प्रसाद मुखर्जी की राजनीति देश को जोड़ने की राजनीति थी। लेकिन ममता बनर्जी की राजनीति देश को बांटने की राजनीति है।