--- संतोष यादव, सुलतानपुर।
कांग्रेस पार्टी के राज्यसभा सांसद डा• संजय सिंह की सुलतानपुर जिले की राजनीति में दखल से नराज कांग्रेसियों ने पूर्व मंत्री मुईद अहमद की अगुवाई में उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
शहर के एक निजी रेस्टोरेंट में इकठ्ठा कांग्रेसियों ने पत्रकार वार्ता में सांसद डा• संजय सिंह पर सुलतानपुर की जिला कमेटी को पंगु करने का आरोप लगाते हुए उनकी कार्यशैली की शिकायत दस जनपथ तक पहुँचाने व इस व्यवस्था के खिलाफ जिले में जल्द ही कार्यकर्ताओं की एक बड़ी रैली करने का ऐलान किया।
पूर्व मंत्री मुईद अहमद ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सुलतानपुर का फैसला हमेशा दस जनपथ से होता रहा है, संजय सिंह की दखल मंजूर नही है।जिले में आज संगठन नाम की कोई चीज नहीं है। नेतृत्व को गुमराह कर संजय सिंह ने यहाँ पुतला बैठा रखा है। यह खड़ाऊ वाली राजनीति नहीं चलने दी जायेगी। संगठन को उन्होंने बंधक बना रखा है। यहाँ की सही तस्बीर दिल्ली नहीं पहुँच पा रही है। पार्टी जिले में डूबती जा रही है। संजय सिंह चाहते है कि यहाँ संगठन जो भी बना रहे वो उनके इशारे पर नाचता रहे। पूर्व मंत्री ने कहा कि जिला कमेटी पर संजय की छाया है, लोग समझ रहे थे कि संजय सिंह बदल गए लेकिन ऐसा नही है। आज जो वरिष्ठ है जो जड़ है इनकी जगह दूसरे को पानी दिया जा रहा वे उपेक्षित है।
पूर्व मंत्री मुईद अहमद ने जोर देकर कहा कि जिले में कांग्रेस कमजोर है, कार्यकर्ता सम्मान नहीं पा रहा। उन्होनें ऐलान किया कि जल्द ही कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए जिले में एक बड़ी रैली का आयोजन किया जायेगा।साथ ही सोनिया गांधी और राहुल गांधी को वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जायेगा।
इस मौके पर उपस्थिति वरिष्ठ नेता पूर्व जिलाध्यक्ष विष्णु प्रकाश तिवारी, पूर्व ब्लाक प्रमुख रामशब्द मिश्र, पूर्व नगर अध्यक्ष राधे रमण मिश्र, पूर्व पीसीसी सदस्य व पूर्व मुख्य मंत्री श्रीपति मिश्र के सुपुत्र प्रमोद मिश्र, पूर्व सदस्य तेल चयन बोर्ड विजय श्रीवास्तव, पूर्व महामंत्री आशिक हुसैन रिजवी आदि लोगो ने भी पूर्व मंत्री के सुर में सुर मिलाया।