कोलकाता-प• बंगाल,
इंडिया इनसाइड न्यूज़।
तृणमूल कांग्रेस के दिग्गज बागी नेता व पूर्व मंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आखिरकार पार्टी से किनारा कर ही लिया। बुधवार (16 दिसंबर, 2020) को शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा सचिव से मिलकर विधायक पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने विधानसभा सचिव को हाथ से लिखा इस्तीफा सौंपा।
बुधवार की शाम को करीब चार बजे श्री अधिकारी विधानसभा भवन पहुंचे और सीधे सचिव के कार्यालय गये व अपने हाथ से लिखा इस्तीफा पत्र उन्हें सौंप दिया। शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी को अपना इस्तीफा ई-मेल से भेजा है। अभी तक उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया है। श्री अधिकारी, पूर्व मेदिनीपुर के नंदीग्राम से विधायक थे।
श्री अधिकारी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा के अध्यक्ष को संबोधित पत्र में सबसे पहले उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। इसके बाद उन्होंने लिखा है कि वह विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं। उनके इस्तीफा को तत्काल स्वीकार किया जाये।
ज्ञात हो कि नंदीग्राम आंदोलन में किसानों की जमीन की रक्षा के लिए श्री अधिकारी के नेतृत्व में ही तृणमूल कांग्रेस ने आंदोलन किया था। उनका पार्टी छोड़ना तृणमूल कांग्रेस के लिए करारा झटका माना जा रहा है।
शुभेंदु अधिकारी ने 26 नवंबर, 2020 को एचआरबीसी के चेयरमैन का पदभार छोड़ दिया था। इसके ठीक एक दिन बाद यानी 27 नवंबर को उन्होंने राज्य सरकार के सभी मंत्रालयों की जिम्मेदारी भी छोड़ दी थी। उनके पास जितने मंत्रालय थे, सभी छोड़ दिया था। उसके बाद से ही उनके अगले कदम को लेकर कयासबाजी का दौर जारी था।