ईरान की ‘येलो’ से होगा 23वें कोलकाता अंतर्राष्ट्रीय फिल्मोत्सव का शुभारंभ



कोलकाता, 06 नवम्बर। आगामी 10 नवंबर से शुरू हो रहे 23वें कोलकाता इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (केआईएफएफ) में इस बार ईरान के फिल्मकार मुस्तफा तागीजादेह की ‘येलो’ उद्घाटन फिल्म होगी, जबकि इस समारोह में 53 देशों की फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा और यूके (ब्रिटेन) ‘फोकस कंट्री’ होगा। इसके साथ ही केआईएफएफ में फ्रांस के जिन-लुक गोदार्द की ‘द राइज एंड फॉल आॅफ ए स्माल फिल्म कंपनी’ का भी प्रदर्सन किया जाएगा। यहां बता दें कि यह फिल्म 1986 में फ्रेंच टेलीविजन के लिए बनाई गई थी और फ्रांस में इस साल अक्तूर में इसे सिनेमैटिक फॉर्मेट में रिलीज किया गया और इसी फार्मेट में यह फिल्म 23वें केआईएफएफ में भी दिखाई जाएगी। कोलकाता इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल आगामी 10 से 17 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। 

राज्य के सूचना व संस्कृति मंत्रालय विभाग के प्रधान सचिव विवेक कुमार ने रविवार को आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में पत्रकारों से कहा - पहली बार फ्रांस से बाहर ‘द राइज एंड फॉल आॅफ ए स्माल फिल्म कंपनी’ का प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार के फिल्म समारोह में पहली बार ‘भारतीय भाषाओं की फिल्मों पर प्रतियोगिता’ नामक एक नया खंड शामिल किया जाएगा जिसका मकसद भारत की क्षेत्रीय फिल्मों को बढ़ावा देना है। इस प्रतियोगिता खंड में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक को पांच लाख का पुरस्कार रखा गया है। उन्होंने बताया कि इस खंड में भारत की नौ भाषाओं की 10 फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। 

इसके अलावा समारोह में ‘अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता’ खंड भी रखा गया है, जिसमें 13 देशों की 14 फिल्में दिखाई जाएंगी। विवेक कुमार ने कहा कि केआईएफएफ इस खंड में सर्वश्रेष्ठ विदेशी फिल्म को 51 लाख का पुरस्कार देने जा रही है जो सबसे बड़ी पुरस्कार राशि है। 

समारोह में ‘बिरल भाषा भारतीय फिल्म’ श्रेणी भी रखी गई है, जिसमें गारो, बोरो, चकमा, डोगरी, कोंकणी, कोडावा, मैथिली, खासी भाषाओं की फिल्में दिखाई जाएंगी। इसी तरह केआईएफएफ में पहली बार एक ऐसी प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी जिसमें महागन व कालजयी फिल्मकार लुमिरे बॉदर्स, सत्यजीत राय व ऋत्विक घटक द्वारा इस्तेमाल किए गए कैमरे व उपकरणों को रखा जाएगा। यह प्रदर्शनी ‘लुकिंग थ्रु’ नाम से नंदन परिसर में आयोजित की जाएगी।

कुमार ने पत्रकारों से कहा कि केआईएफएफ में 53 देशों की 143 फिल्में दिकाई जाएंगी, जो यहां 10 से 17 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा-तुर्की, मोरक्को, ईरान, सर्बिया, इटली, यूके, चीन, श्रीलंका, जर्मनी, अर्जेंटीना जैसे देशों के काफी कम नामचीन फिल्मकार इस बार के फिल्म समारोह में शिरकत करने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब केआईएफएफ अंतरराष्ट्रीय पहचान बढ़ा रही है। 

कुमार ने कहा कि समारोह में 16 खंड होंगे, जिसमें ब्रिटेन के विशिष्ट निर्देशक माइकेल विंटरबॉटम की छह फिल्मों का पुनरावलोकन किया जाएगा। इसका इसलिए भी महत्व है, क्योंकि इस बार 23वें केआईएफएफ में ब्रिटेन को फोकस कंट्री के रूप में शामिल किया गया है। 

कुमार ने कहा कि पुनरावलोकन खंड में प्रसिद्ध थाई निर्देशक पेन-एक रातानारुअंग की छह फिल्में भी दिखाई जाएंगी और ये फिल्में विभिन्न देशों की फिल्मों के इलेक्ट्रिक पैकेज का हिस्सा होंगी। 16 खंडों में एशियन सेलेक्ट (चार देशों की चार फिल्में), नेशनल बेस्ट (12 फिल्में 12 भाषाओं में) होमेज (दिवंगत फिल्मी हस्तियां ओम पुरी, टॉम आॅल्टर व रामानंद सेनगुप्त) को भी रखा गया है। 

राज्य के युवा मामले व खेल मंत्री अरूप विश्वास ने कहा कि इस बार केआईएफएफ पैकेज में 10 फिल्में महानगर के अलग-अलग हिस्सों में दिखाई जाएंगी। उन्होंने कहा - हम फिल्म समारोह के मौके पर अपने यहां के शूटिंग लोकेशंस व विश्व स्तरीय तकनीकी सुविधाओं से भी समारोह में आने वाले विशिष्ट फिल्मकारों के सामने पेश करेंगे। 

उन्होंने कहा कि समारोह के दौरान ही सत्यजीत राय स्मारक व्याख्यान का आयोजन किया जाएगा और यूनिवर्सिटी आॅफ लंदन के एसओएएस के भारतीय संस्कृति व सिनेमा के प्रोफेसर राशेल ड्वॉएर यह व्याख्यान देंगे। 

राज्य के सूचना व संस्कृति राज्य मंत्री इंद्रनील सेन ने पत्रकारों से कहा कि केआईएफएफ में 87 लघु फिल्में व 51 डॉक्युमेंट्री फिल्में दिखाई जाएंगी। समारोह में दिखाई जाने वाली बांग्ला फिल्मों की सख्या 10 है। 

आगामी 10 नवंबर को महानगर के नेताजी इंडोर स्टेडियम में 23वें कोलकाता इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। अतीत की तरह इस बार भी बॉलीवुड के मेगा स्टार अमिताभ बच्चन व शाहरुख खान उद्घाटन समारोह में उपस्थित रहेंगे। साथ ही अभिनेता कमल हासन, अभिनेत्री काजोल व फिल्मकार महेश भट्ट को भी 23वें केआईएफएफ के उद्घाटन समारोह में आमंत्रित किया गया है।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News