▪☆▪ हल्दिया और फरक्का परियोजनाओं के लिए विशेषज्ञों का तकनीकी समर्थन लिया
13 नवम्बर। भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण ने हल्दिया तथा फरक्का के नए नौवहन लॉक पर मल्टी मॉडल टर्मिनल के लिए तकनीकी समर्थन सेवा प्राप्त करने के लिए एक नामी कंसलटेंट को ठेका दिया है। ये परियोजनाएं राष्ट्रीय जलमार्ग-1 (गंगा नदी) पर जल मार्ग विकास परियोजना (जीएमवीपी) का हिस्सा हैं और 5369 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत की यह परियोजना विश्व बैंक की तकनीकी और वित्तीय सहायता से लागू की जा रही है। इसका उद्देश्य समय सीमा, परियोजना की बजट लागत तथा अन्य दिशा-निर्देशों का परिपालन सुनिश्चित करना है।
कंसलटेंट जीएमवीपी के अंतर्गत प्राधिकरण द्वारा दिए गए 2 ईपीसी ठेकों का कारगर प्रबंधन सुनिश्चित करेंगे। कंसलटेंट व्यापक परियोजना तकनीकी समर्थन देंगे। इसमें दैनिक देखभाल, डिजाइन की प्रूफ चेकिंग, गुणवत्ता और सुरक्षा मानक तथा सभी हितधारकों का समन्वय और प्रबंधन शामिल है। ठेकेदार द्वारा पर्यावरण प्रबंधन योजना तथा सामाजिक प्रभाव योजना के क्रियान्वयन की निगरानी भी की जाएगी।