डेंगू से मरने वालों की संख्या 38, हो सकती है 60



--- रंजीत लुधियानवी, वरिष्ठ पत्रकार, कोलकाता।
17 नवम्बर। राज्य सरकार ने पश्चिम बंगाल में डेंगू से मरने वालों की संख्या सरकारी तौर पर बढ़ना स्वीकार किया है, हालांकि विरोधी दलों की ओर से मरने वालों की संख्या कही ज्यादा बताई जा रही है। नौ नवंबर को राज्य के स्वास्थ्य अधिकारी ने हाईकोर्ट में रिपोर्ट पेश करके कहा था कि सरकारी अस्पतालों में डेंगू से कुल मिलाकर 19 लोगों की मौत हुई है। लेकिन अदालत इस रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं हुई और निर्देश दिया कि प्राइवेट अस्पतालों समेत मरने वालों की संख्या के बारे में समुचित आंकड़े पेश किए जाएं। इसके बाद राज्य सरकार की ओर से दोबारा अदालत को रिपोर्ट पेश करके सूचित किया गया कि 15 नवंबर तक राज्य के सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में कुल मिलाकर 38 लोगों की मौत डेंगू से हुई है। जबकि मरने वाले और 22 लोगों की मौत का कारण पता लगाने का काम अभी चल रहा है।

सूत्रों ने बताया कि डेंगू के बारे में राज्य सरकार ने आखरी बार केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को 4 अक्टूबर को रिपोर्ट भेजी थी जिसमें मरने वालों की संख्या 19 बताई गई थी। गुरुवार को राज्य के स्वास्थ्य अधिकारी विश्वरंजन शतपथी ने अदालत को रिपोर्ट पेश करते हुए बताया कि 4 अक्टूबर तक सरकारी अस्पतालों में 4 और प्राइवेट अस्पतालों में 15 लोगों की मौत हुई थी। राज्य सरकार की ओर से रिपोर्ट पेश करते हुए अदालत को बताया गया कि पहली रिपोर्ट चार अक्टूबर तक लोगों की मौत के बारे में दी गई थी। स्वास्थ्य अधिकारी की रिपोर्ट के मुताबिक चार अक्टूबर से लेकर आठ अक्टूबर तक सरकारी अस्पतालों में डेंगू से 15 लोगों की मौत हुई। जबकि 15 नवंबर तक और चार लोगों की मौत डेंगू से हुई। इस तरह कुल मिलाकर अभी तक सरकारी अस्पतालों में 23 लोगों की मौत डेंगू से हुई है। जबकि प्राइवेट अस्पतालों में 15 लोगों की मौत हुई है। इस तरह मरने वालों की संख्या 38 है।

सरकारी तौर पर पेश रिपोर्ट में कहा गया है कि चार अक्टूबर के बाद प्राइवेट अस्पताल में डेंगू से किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि वहां मरने वाले 22 लोगों की मौत के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है। ऐसे लोगों में 15 लोगों की मौत 4 अक्टूबर के पहले और 7 लोगों की मौत उसके बाद हुई है।

राज्य सरकार की ओर से अदालत को बताया गया है कि 9 नवंबर तक सरकारी अस्पतालों में डेंगू पीड़ित लोगों की संख्या 18 हजार से ज्यादा थी। यह संख्या 15 नवंबर तक बढ़कर 21 हजार से कुछ ज्यादा है। जनवरी से नवंबर तक प्राइवेट अस्पतालों या नर्सिंग होम में करीब 6 हजार लोग डेंगू पीड़ित होकर भर्ती हुए थे।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News