हावड़ा, 18 नवम्बर। बेटी बचाओ, वृक्ष लगाओ के नारे के साथ बिहार के शमस्तीपुर के 18 साहसी युवाओं ने पटना से कलकत्ता तक साइकिल यात्रा करते हुए जागरूकता अभियान चलाया। गत 10 नवंबर को पटना से शुरू हुआ यह अभियान अपने समापन की कड़ी में हावड़ा पहुँचा जहाँ आध्यात्मिक केंद्र बेलूरमठ के सामने युवा समाजसेवी योगेश सिंह, राजन सिंह, राजा गोस्वामी, मनोज सिंह के नेतृत्व में युवाओं की टोली ने फूलमाला के साथ इन साहसी युवाओं का जोरदार स्वागत किया।
इनके हौसला से प्रभावित भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष उमेश राय ने इनके साथ हावड़ा ब्रिज तक साइकिल चला कर इस मुहिम को अपना समर्थन दिया। वही यात्रा के अगले पड़ाव जाने के क्रम में इनका स्वागत डबसन रोड पर स्थित जैन मंदिर के सामने युवा समाजसेवी व भाजपा नेता सुरेन्द्र जैन सहित राजेश राय, अविनाश प्रताप सिंह, प्रमोद दुबे, श्रीकांत सिंह, बिनोद जयसवाल ने उद्देश्य के साथ आगे बढ़ रहे साइकिल यात्रियों को माला पहना कर उनका अभिनन्दन किया। तत्पश्चात अल्पाहार उपरांत शुभकामनाओं सहित उन्हें कलकत्ता के धर्मतल्ला के लिए रवाना किया गया। इस साइकिल यात्रा का उद्देश्य समाज में बेटा-बेटी के अंतर को मिटा समाज का संतुलन बनाये रखना तथा पृथ्वी पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण का संरक्षण एवं संतुलन बनाये रखना है।