महामना के सपनों के अनुरूप मैने बीएचयू की सेवा की है - प्रो• जी• सी• त्रिपाठी



--- हरेन्द्र शुक्ला, वाराणसी।

● कुलपति के तीन साल के कार्यकाल की समाप्ति पर अभिनंदन समारोह

महामना पंडित मदनमोहन मालवीय की विरासत के अनुरूप मैने काशी हिन्दू विश्‍वविद्यालय की मनोयोगपूर्वक सेवा की है। विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय चरित्र को मजबूती दी है। यह बात रविवार को कुलपति प्रो• गिरीश चन्द्र त्रिपाठी के तीन वर्ष के कार्यकाल के सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपलक्ष्य में काशी हिन्दू विश्‍वविद्यालय के अध्यापक, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों की ओर से अभिनन्दन समारोह में कुलपति प्रो• जी• सी• त्रिपाठी ने कही।

खचाखच भरे के• एन• उडप्पा सभागार में प्रो• गिरीश चन्द्र त्रिपाठी के उद्‍बोधन ने सभी को भावुक कर दिया। प्रो• त्रिपाठी ने कहा कि विश्‍वविद्यालय के 84% से ज्यादा शैक्षणिक पदों को मेरिट के आधार पर देश के विभिन्‍न राज्यों के योग्यतम शिक्षकों के चयन के साथ भर्ती प्रक्रिया सम्पन्‍न की, केरल, तमिलनाडु, उडीसा, पश्‍चिम बंगाल, मिजोरम से लेकर जम्मू कश्मीर और पंजाब, गुजरात, महाराष्‍ट्र तक के देश के सभी प्रदेशों से जुड़े शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को लेकर विश्‍वविद्यालय में शैक्षणिक माहौल इतना उन्‍न्त किया कि यह विश्‍वविद्यालय देश के सर्वोच्‍च तीन विश्‍वविद्यालय केन्द्र में सम्मिलित हुआ। उन्होनें कहा कि मुझसे से जितना हो सका मैने पूरी शक्‍ति से विश्‍वविद्यालय को उसकी गरिमा के अनुरुप आगे बढ़ाने का प्रयत्न किया, अब यह भार आप लोगों के हाथ में सौपता हूँ आप विश्‍वविद्यालय को संसार के सर्वश्रेष्‍ठ विश्‍वविद्यालयों में परिवर्तित करें।

यहाँ परिसर में मालवीय कैन्सर अस्पताल एवं रिसर्च सेन्टर, मालवीय गंगा, नदी विकास शोध केन्द्र, भारत अध्ययन केन्द्र, पर्यावरण एवं धारणीय विकास संस्थान समेत दर्जनों की संख्या में शोधपरक नवीन केन्द्र सभी के सहयोग से स्थापित किये, आने वाले समय में काशी हिन्दू विश्‍वविद्यालय परिसर सोलर उर्जा आच्छादित देश का पहला विश्‍वविद्यालय होगा, 12 दिन तक किसी विश्‍वविद्यालय परिसर में पहली बार सफलतापूर्वक राष्‍ट्रीय संस्कृति महोत्सव का आयोजन हुआ जिसमें 2००० के करीब बड़े कलाकारों ने तथा लाखों की संख्या में दर्शकों ने हिस्सा लिया। वसंत पंचमी के अवसर पर झाँकियों के निकलने की परंपरा की दोबारा शुरुआत हुई।

उन्होनें कहा कि गत वर्षो के दौरान बीएचयू में समय से प्रवेश तथा सेमेस्टर परीक्षा के साथ-साथ शिक्षण एवं शोध की दिशा में जो भी उत्कृष्‍ट कार्य हुए है उसके लिए विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी व छात्र-छात्राएँ बधाई के पात्र है।

स्वागत सम्बोधन पर्यावरण एवं धारणीय विकास संस्थान की निदेशिका प्रो• कविता शाह ने दिया। इस अवसर पर बीएचयू कार्यकारिणी परिषद सदस्य प्रो• चित्तरंजन ज्योतिषी, कृषि विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो• ए• वैशम्पायन, विज्ञान संस्थान की निदेशिका प्रो• चन्दना हालदार, प्रवन्ध अध्ययन संस्थान के निदेशक प्रो• राजकुमार, चिकित्सा विज्ञान संस्थान के डीन प्रो• जयप्रकाश आदि ने अपने विचार रखते हुए कुलपति प्रो• त्रिपाठी जी द्वारा विश्वविद्यालय के हित में गत तीन वर्षो के दौरान किये गये उल्लेखनीय कार्यो पर प्रकाध डाला। वक्ताओं ने कहा कि प्रो• त्रिपाठी ने शिक्षण एवं शोध के क्षेत्र में जो भी उल्लेखनीय कार्य किया है उसका सकारात्मक परिणाम आगामी वर्षो के दौरान दिखाई देगा।

इस अवसर पर प्रो• चन्दना हालदार ने कहा कि कुलपति जी के नेतृत्व में नये संस्थानो की स्थापना होने के साथ-साथ अन्य उल्लेखनीय कार्य हुए। दो संस्थानो में महिला निदेशको एवं चीफ प्राक्टर के रुप में महिला प्रोफेसर को नियुक्त कर प्रो• त्रिपाठी ने अत्यन्त उल्लेखनीय कार्य किया जो आने वाले समय में मील के पत्थर के रुप में देखा जायेगा।

प्रो• जय प्रकाश ने अपने उद्‍बोधन में कहा कि प्रो• गिरीश चन्द्र त्रिपाठी का कार्यकाल विश्‍वविद्यालय के इतिहास में अत्यंत अद्‍भुत रहा है। उन्होनें सम्पूर्ण विश्‍वविद्यालय को परिवार मानकर सबकों अत्यंत आत्मिय स्नेह प्रदान किया।

इस अवसर पर शिक्षको, अधिकारियो व कर्मचारियो ने प्रो• त्रिपाठी को पुष्प गुच्छ एवं माल्यार्पण कर उनका अभिनन्दन किया। चीफ प्राक्टर प्रो• रोयाना सिंह एवं सर सुन्दरलाल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा• ओ• पी• उपाध्याय ने कुलपति को अंगवस्त्र भेट कर उनका सम्मान किया। कुलपति प्रो• त्रिपाठी ने विश्वविद्यालय के वरिष्ठ शिक्षको जैसे प्रो• पी•सी• उपाघ्याय, प्रो• श्री सिंह, प्रो• आर• के• मिश्रा, प्रो• चित्तरंजन ज्योतिषी आदि को पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। धन्यवाद ज्ञापन कार्यकारी छात्र अधिष्ठाता प्रो• के•के• सिंह ने दिया।

कार्यक्रम के आरम्भ में प्रो• पतंजलि मिश्र ने मंगलाचरण एवं प्रो• रेवती साकलकर ने कुलगीत प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर सभागार के भीतर एवं बाहर हजारों की तादात में शिक्षक, छात्र एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने गगनभेदी नारों के साथ कुलपति का अभिवादन एवं स्वागत किया।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News