सोनभद्र, 04 फरवरी 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
● उदघाटन मैच में रीवा डिविजनल क्रिकेट एसोसिएशन ने कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन को 40 रन से हराया
नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की 25वीं अखिल भारतीय सुभाष स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता सोमवार को शुरू हुई। एनसीएल के बीना क्षेत्र के बीना स्टेडियम में खेली जा रही प्रतियोगिता के उदघाटन मैच में रीवा डिविजनल क्रिकेट एसोसिएशन ने कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन को 40 रन से हराया। प्रतियोगिता के उदघाटन समारोह में एनसीएल के निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) पी• एम• प्रसाद बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित थे।
उदघाटन समारोह को संबोधित करते हुए श्री कुमार ने कहा कि कोयला उत्पादन के साथ-साथ खिलाड़ियों को सभी आवश्यक खेल सुविधाएं देने एवं उन्हें अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने का मंच प्रदान करने के लिए एनसीएल कटिबद्ध है और अखिल भारतीय सुभाष स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता कंपनी के इन्हीं प्रयासों का हिस्सा है। इस प्रतियोगिता ने भारतीय क्रिकेट जगत में अपनी प्रतिष्ठित जगह बनाई है और इस प्रतियोगिता में खेले कई अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी और भारत की विभिन्न टीमों का रणजी ट्रॉफी में प्रतिनिधित्व कर चुके कई राष्ट्रीय खिलाड़ी अपने क्रिकेट कौशल का प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रतियोगिता के इस संस्करण में भाग लेने वाले खिलाड़ी भी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अपना नाम रोशन करेंगे।
प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में ग्रुप ‘ए’ में रीवा की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और निर्धारित 30 ओवर में 5 विकेट खोकर 202 रन बनाए। रीवा की ओर से मेहुल सिंह ने सबसे अधिक 71 रनों और हितेश चतुर्वेदानी ने 47 रनों की पारी खेली। कानपुर की ओर से अनुज पाल ने अपनी टीम की ओर से सबसे अच्छी गेंदबाजी करते हुए 32 रन देकर दो खिलाड़ी आउट किए।
जवाब में कानपुर के विकेट शुरुआत से ही नियमित अंतराल पर गिरते रहे और एक समय मात्र 71 रन पर उसकी टीम आधी टीम पैवेलियन वापस पहुंच चुकी थी। इसके बाद सतनाम सिंह ने 43 और अमन भदौरिया ने 51 रन की पारी खेलकर अपनी टीम की स्थिति संभाली, लेकिन कानपुर की टीम 30 ओवर में 8 विकेट खोकर 162 रन ही बना सकी। रीवा की ओर से रोहित गुप्ता ने शानदार गेंदबाजी कर सिर्फ 18 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट लिए और कानपुर को विजयी लक्ष्य से दूर रखने में अहम भूमिका निभाई।
आगामी 10 फरवरी तक चलने वाली 7 दिवसीय प्रतियोगिता में कुल 6 टीमें भाग ले रही हैं, जिन्हें दो ग्रुपों में बांटा गया है। ग्रुप ’ए’ में रीवा डिविजनल क्रिकेट एसोसिएशन, क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ एवं कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन शामिल हैं, जबकि मेरठ क्रिकेट एसोसिएशन, बिहार क्रिकेट एसोसिएशन एवं सोनभद्र डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन की टीमों को ग्रुप ’बी’ में रखा गया है। प्रतियोगिता लीग कम नॉक आउट आधार पर खेली जा रही है। दोनों टीमों की टॉप टीमें फाइनल खेलेंगी। फाइनल मैच 10 फरवरी (रविवार) को खेला जाएगा। प्रतियोगिता में कुल 7 मैच खेले जाएंगे।
कार्यक्रम में बीना क्षेत्र के प्रभारी महाप्रबंधक एल• पी• गोडसे, वरिष्ठ श्रमिक संघ प्रतिनिधि अरुण दूबे, एनसीएल स्पोर्ट्स प्रोमोशन बोर्ड के सदस्य, बीना क्षेत्र के सभी विभागाध्यक्ष और अधिकारी एवं श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में बीना क्षेत्र के अधिकारी-कर्मचारी और आम दर्शक उपस्थित थे।